आज का मौसम: पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, दिल्ली की हवा ‘बहुत खराब’, इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
Weather: देश में गुलाबी ठंड शुरू हो गई है। 4 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करेगा, जिससे पहाड़ों पर बर्फबारी होगी। दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गई है।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
प्रतीकात्मक फोटो- सोशल मीडिया
Weather Update: देशभर में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है, जिसके चलते लोगों को सुबह-शाम अच्छी-खासी ठंड का एहसास हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने 4 नवंबर से सक्रिय होने वाले एक नए पश्चिमी विक्षोभ की चेतावनी दी है, जो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी लाएगा। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आज भारी वर्षा का भी अनुमान है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 4 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करना शुरू कर देगा। इस मौसमी बदलाव के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक और तेज हवाएं (40–50 किमी/घंटा) चल सकती हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है, जहां पहाड़ों में शीत लहर के कारण ठिठुरन वाली ठंड आएगी। पर्वतीय जिलों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 4 और 5 नवंबर को बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों, जैसे कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी बर्फबारी और निचले इलाकों (शिमला, सोलन, मंडी) में बारिश की संभावना है। हालांकि, आज यानी 3 नवंबर हिमाचल में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में आज हल्का कोहरा छा सकता है।
सम्बंधित ख़बरें
लंबे इंतजार के बाद छत्रपति संभाजीनगर में मेघों की जोरदार दस्तक, झमाझम बारिश से खिले किसानों के चेहरे
ठाणे जिले में 13 दिन की देरी से मानसून सक्रिय; पहली ही झमाझम बारिश ने खोली केडीएमसी के नाला सफाई दावों की पोल
दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, IMD ने फिर जारी किया तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट; जानें इन राज्यों का हाल
विदर्भ में पूरी तरह एक्टिव हुआ मानसून! नागपुर में झमाझम बारिश से लुढ़का पारा, उमस भरे टॉर्चर से मिली बड़ी राहत
कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी
मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए वर्षा और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट पर निम्न दबाव क्षेत्र बनने के कारण आज (3 नवंबर) अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। पश्चिमी भारत में 2 नवंबर को कोंकण-गोवा में भारी वर्षा के आसार थे। इसके अलावा, गुजरात, मराठवाड़ा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 2 से 5 नवंबर तक आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी आज भारी वर्षा की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में
दिल्ली की वायु गुणवत्ता धीमी हवाओं के कारण और खराब हो गई है। रविवार को समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 366 पर पहुंच गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। तीन निगरानी केंद्रों में तो 400 से अधिक AQI दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी को दर्शाता है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में अगले चार दिन तक मुख्यतः साफ या आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। रात और सुबह के समय हल्का कोहरा और स्मॉग रहेगा।
यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में 3 नवंबर को पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं पर छिछला से मध्यम कोहरा छा सकता है। हालांकि, यूपी में इस अवधि में बारिश होने की या तेज झोंकेदार हवा चलने की कोई उम्मीद नहीं है।
यह भी पढ़ें: तेलंगाना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूंक दिया BRS का दफ्तर: तोड़फोड़, कुटाई और जमकर कटा बवाल
वहीं, बिहार में अगले 3-4 दिनों तक मौसम सामान्य बना रहेगा और किसी बड़ी वर्षा की संभावना नहीं है। सुबह और देर शाम हल्का कोहरा या धुंध रह सकता है। हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी रहेगी, जिससे ठंड में बढ़ोतरी होगी।
