Aaj Ka Mausam: दिल्ली से बिहार तक अचानक बदला मौसम, कहीं बारिश तो कहीं ठंड ने दी दस्तक
Weather News: पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात 'मोंथा' के प्रभाव से उत्तर भारत में ठंड और बारिश दोनों का असर दिख रहा है। उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है।
- Written By: अमन उपाध्याय
आज का मौसम, फोटो ( सो. सोशल मीडिया )
Mausam ki Khabar: दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए ठंड का आगाज़ हो चुका है। मंगलवार सुबह से ही राजधानी और आसपास के इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं और आसमान पर बादल छाए हुए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
सोमवार को भी दिनभर दिल्ली-एनसीआर में धूप नहीं निकली थी। आसमान में प्रदूषण और धुंध की मोटी परत छाई रही, जिससे लोगों को ठंड का एहसास दिन में ही होने लगा। देर शाम के समय कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे रात का तापमान और नीचे चला गया। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आज यानी 28 अक्टूबर को सुबह के समय कई हिस्सों में हल्की बारिश और बादल बने रहेंगे। साथ ही दिनभर धूप न निकलने की संभावना जताई गई है। इस दौरान लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी।
ठंडी हवाएं और बारिश का दौर जारी
उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने करवट ली है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ और अरब सागर में बने अवदाब के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में ठंडी हवाएं और बारिश का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
सम्बंधित ख़बरें
Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में अगले 4 दिन होगी आफत की भारी बारिश! इन जिलों में अलर्ट जारी
मुंबई में बारिश से तबाही: IMD ने जारी किया रेड अलर्ट, 99 से अधिक पेड़ उखड़े, पालघर में स्कूल बंद
मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट, हेल्पलाइन नंबर जारी; अंधेरी और जोगेश्वरी में गाड़ियों पर गिरे विशाल पेड़
Monsoon Update: मुंबई में मानसून का कहर, पेड़ गिरा, जलभराव से ट्रैफिक ठप, लोकल ट्रेनें प्रभावित
बिहार में ठंड ने दी दस्तक
बिहार में इस समय सुबह-शाम गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है। दिन में हल्की धूप निकलने से मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन छठ महापर्व के बाद तापमान में और गिरावट की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के चलते बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक उत्तरी बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें:- गोंदिया में फिर 3 दिनों का येलो अलर्ट, 29 व 30 को भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड का मौसम
उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ रही है। देहरादून और आसपास के इलाकों में सोमवार को तेज धूप खिली रही, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहे। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में राज्य के कुछ ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात मोंथा का संयुक्त प्रभाव आने वाले दिनों में पूरे उत्तर भारत के तापमान को प्रभावित करेगा। इससे दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंड जल्दी बढ़ सकती है।
