'मेरे पास ना जमीन, ना घर और ना स्टॉक...', करोड़ों की संपत्ति कब्जाने के आरोपों पर सैम पित्रोदा की सफाई

बीजेपी नेता एन आर रमेश ने कहा था कि सैम पित्रोदा ने सरकार के पांच वरिष्ठ अधिकारियों की मदद से बेंगलुरु में अवैध रूप से 12.35 एकड़ की सरकारी जमीन कब्जाई है। इस जमीन की कीमत 150 करोड़ रुपये है। 
बीजेपी नेता के 150 करोड़ की जमीन कब्जाने के आरोपों पर सैम पित्रोदा ने दी सफाई
सैम पित्रोदा, (कांग्रेस नेता)
Updated on

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के एक नेता ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैम पित्रोदा पर बेंगलुरु में 12.35 एक़ की सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। इन आरोपों के बाद अब पित्रोदा ने मामले पर प्रतिक्रिया दी है। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने कहा कि उनके पास भारत में ना कोई जमीन है, ना ही घर हैं और ना ही उन्होंने यहां किसी तरह के शेयर खरीद रखे हैं।

बीजेपी नेता एन आर रमेश ने कहा था कि सैम पित्रोदा ने सरकार के पांच वरिष्ठ अधिकारियों की मदद से बेंगलुरु में अवैध रूप से 12.35 एकड़ की सरकारी जमीन कब्जाई है। इस जमीन की कीमत 150 करोड़ रुपये है।

ईडी और कर्नाटक लोकायुक्त के पास शिकायत दर्ज

बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) के पूर्व पार्षद रमेश ने इस संबंध में ईडी और कर्नाटक लोकायुक्त के पास शिकायत भी दर्ज कराई है। इसके बाद पित्रोदा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मीडिया में जिस तरह की रिपोर्ट्स सामने आई हैं, उन पर मैं कहना चाहता हूं कि भारत में मेरे पास ना जमीन है, ना घर है और ना ही शेयर हैं।

भारत सरकार से मैंने वेतन नहीं लिया था- पित्रोदा

पित्रोदा ने कहा कि इसके अलावा 1980 के दशक के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी और 2004 से 2014 के बीच डॉ. मनमोहन सिंह के समय में भारत सरकार के साथ काम करने के दौरान मैंने वेतन भी नहीं लिया था। उन्होंने कहा कि मैंने अपने 83 साल के जीवन में कभी भी भारत में या फिर किसी अन्य मुल्क में ना तो रिश्वत ली है और ना दी है। इसलिए मेरे बारे में जो कहा जा रहा है, वह पूरी तरह से गलत है। देश की अन्य ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें…

सैम पित्रोदा कौन हैं?

सैम पित्रोदा का पूरा नाम सत्यनारायण गंगाराम पित्रोदा है। वह इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। उनको ही भारत में सूचना क्रांति का जनक माना जाता है। यूपीए सरकार के कार्यकाल में वह तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में वह UN के लिए प्रधानमंत्री का सलाहकार भी रह चुके हैं। वह जन सूचना संरचना और नवप्रवर्तन सलाहकार भी रहे। सैम पित्रोदा एक बिजनेसमैन भी हैं। वह अमेरिका में कई कंपनियां भी चलाते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com