पीएम मोदी की अपील पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा का तंज, खुद विदेश जा रहे हैं और...

PC Sharma Statement On PM Modi: पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने पीएम मोदी की अपीलों को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पीएम खुद यूरोप यात्रा पर जाने वाले हैं और जनता को विदेश यात्रा से रोक रहे हैं।
P C Sharma Statement
पीसी शर्मा (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

MP Political News: मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लोगों से विदेश यात्रा नहीं करने की बात कह रहे हैं, जबकि खुद उनकी यूरोप और यूके यात्रा की योजना है। भारत में शादियों में सोना देने की परंपरा रही है और लोग अपनी क्षमता के अनुसार एक ग्राम या एक तोला सोना खरीदते हैं। ऐसे में सोना नहीं खरीदने की सलाह देना व्यवहारिक नहीं है।

नर्मदापुरम पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शर्मा ने कहा 'एक तरफ सोना नहीं खरीदने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर आरएसएस चार बच्चे पैदा करने की बात करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और संघ के बयान अक्सर विवादित रहते हैं।

ये आम जनता के साथ धोखा

उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को तेल वाली चीजें कम खाने की सलाह दी जा रही है, जबकि चुनाव के समय इन मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हुई। चुनाव खत्म होने के बाद अब इस तरह की बातें सामने आ रही हैं, जो आम जनता के साथ धोखा है। पूर्व मंत्री शर्मा ने चुनाव प्रक्रिया और ईवीएम को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं, वहां सारी मशीन सेट है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी ईवीएम पर सवाल उठाए हैं।

भाजपा के झूठ को उजागर करेगी कांग्रेस

शर्मा ने दावा किया कि उनकी एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में स्वीकार हो चुकी है। कोर्ट ने चुनाव आयोग से पूछा है कि जिन ईवीएम मशीनों में मतदान हुआ, वे 10 दिन बाद भी 95 से 99 प्रतिशत बैटरी चार्ज कैसे दिखा रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के “झूठ” को जनता के सामने उजागर करेगी।

पीएम मोदी ने की थी ये अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक परिस्थितियों और इजराइल-ईरान तनाव का जिक्र करते हुए लोगों से ईंधन की बचत करने की अपील की थी। उन्होंने गैरजरूरी विदेश यात्राएं टालने, एक साल तक सोना न खरीदने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की सलाह दी थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com