नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 10 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव (Rajya Sabha Elections 2022) के लिए रविवार को अपने 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जिनमें केंद्रीय मंत्रियों पीयूष गोयल (Piyush Goyal) और निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) को क्रमश: महाराष्ट्र (Maharashtra) और कर्नाटक (Karnataka) से उम्मीदवार बनाया गया है। इन 16 उम्मीदवारों में से छह उत्तर प्रदेश से हैं।
पार्टी ने राज्य से दो महिलाओं दर्शना सिंह और संगीता यादव को मैदान में उतारा है। पार्टी ने कर्नाटक, महाराष्ट्र और बिहार से दो-दो और मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड व हरियाणा से एक-एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा की। हरियाणा से राज्यसभा सदस्य रहे भाजपा महासचिव दुष्यंत गौतम का नाम उम्मीदवारों की पहली सूची में नहीं है।
Bharatiya Janata Party (BJP) releases its list of candidates for elections to the Rajya Sabha. Nirmala Sitharaman to contest from Karnataka, Piyush Goyal from Maharashtra. pic.twitter.com/3wy950APhT — ANI (@ANI) May 29, 2022
पार्टी ने हरियाणा से पूर्व विधायक कृष्ण लाल पंवार को उम्मीदवार बनाया है। मध्य प्रदेश से कविता पाटीदार, राजस्थान से घनश्याम तिवारी और उत्तराखंड से कल्पना सैनी के नामों की घोषणा की गई है। बिहार से पार्टी ने सतीश चंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा की विज्ञप्ति के अनुसार अनिल सुखदेवराव बोंडे को महाराष्ट्र से जबकि जग्गेश को कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया गया है।