यूपी, पंजाब समेत 7 राज्यों में आज और कल बारिश की संभावना, पढ़ें पूरी वेदर रिपोर्ट
Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega: मौसम के लिहाज से आज-कल काफी भारी साबित हो सकते हैं। खासकर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से बारिश और बर्फबारी की संभावनाएं हैं।
- Written By: रंजन कुमार
दिल्ली में छाया कोहरा। इमेज-सोशल मीडिया
Today Weather Update: कश्मीर से बिहार तक अगले 3 से 4 दिन मौसम पूरी तरह बदला रह सकता है। खासकर पहाड़ों पर आज से एक्टिव हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसमी गतिविधियां होने के आसार बढ़ गए हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 20, 21 और 22 दिसंबर को नए वेदर सिस्टम से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बादल छाए रहेंगे। बारिश के साथ बर्फबारी होगी। आज और कल पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और यूपी के कुछ हिस्सों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश दर्ज की जाएगी।
इन राज्यों में घना कोहरा छाया रहेगा। तापमान में अधिक परिवर्तन की संभावना नहीं है। बादलों के छटने के बाद बर्फीली हवाओं के असर से न्यूनतम तापमान में गिरावट और कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा। दिल्ली, मध्य प्रदेश में भीषण कोहरा रहेगा। दक्षिण भारत में फिलहाल किसी प्रकार के मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं है।
यूपी में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश में शीतलहर और कोहरे की वजह से सिहरन वाली सर्दी महसूस हो रही। आज से एक नया वेदर सिस्टम पश्चिमी यूपी को प्रभावित कर सकता है। इसके कारण बादल छा सकते हैं। बूंदाबांदी हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी यूपी के अधिकतर भाग यानी नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर अधिक प्रभावित रहेंगे। कानपुर, आगरा, रामपुर, सहारनपुर, बरेली, शाहजहांपुर, शामली, पीलीभीत, अलीगढ़, बागपत, बुलंदशहर, एटा, इटावा, फिरोजाबाद और गोरखपुर, बिजनौर में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है।
सम्बंधित ख़बरें
Today Weather Update: 85 की रफ्तार से आंधी और भारी बारिश का अलर्ट, क्या आपके शहर में भी बरपेगा कुदरत का कहर?
MP Weather Report: मध्य प्रदेश के 13 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, रविवार से बढ़ेगा तापमान
Weather Update: मई की भीषण गर्मी के बीच 13 राज्यों में मंडराया आसमानी आफत का साया, झमाझम बारिश का अलर्ट
Maharashtra Weather: कहीं 42 डिग्री तपिश, तो कहीं आंधी बारिश का ऑरेंज अलर्ट! जाने आपके शहर में कैसा मौसम होगा?
बिहार में चलेंगी तेज हवाएं
बिहार में अगले तीन दिन 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इससे ठिठुरन वाली सर्दी बढ़ेगी। आईएमडी का कहना है कि राजधानी पटना, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गोपालगंज, वैशाली, समस्तीपुर, सीवान, सारण, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, कटिहार, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर, सुपौल, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज में घना कोहरा छाने की संभावना है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंचने से ठंड का असर बढ़ सकता है। अगले 2 दिन न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 से 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
हरियाणा में अगले 2 दिन छाए रहेंगे बादल
हरियाणा में 24 दिसंबर तक अधिकतर हिस्सों में मौसम बदला रहेगा। शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले 2 दिन बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। बादलों के आने से दिन में थोड़ा तापमान बढ़ सकता है। मगर, शाम और सुबह सर्दी काफी समस्याएं पैदा कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकतर भागों में घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम साफ होने के बाद सर्द हवाएं बढेंगी। ऐसा ही मौसम दिल्ली-एनसीआर में रहेगा। मगर, बादलों के अलावा बारिश को लेकर संभावना नहीं है। हालांकि, कोहरा और पॉल्यूशन बढ़ा रहेगा।
पंजाब में आगामी दिनों में तेजी से गिरेगा तापमान
पंजाब में आज और कल बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश होगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मौसम का मिजाज बदलने से अगले दिनों में तेजी से तापमान गिरेगा और सर्दी का असर बढ़ेगा। अब पटियाला, अंबाला, लुधियाना, अमृतसर, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, आदमपुर और गुरदासपुर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। कोहरे से विजिबिलिटी कम होने से ट्रेनों की गति धीमी होगी और हवाई अड्डों पर फ्लाइट्स का परिचालन बाधित होगा।
हिमाचल के इन इलाकों में बारिश के आसार
हिमाचल प्रदेश में 2 दिन तक मौसमी गतिविधियां होने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से आज और कल लाहौल स्पीति, चंबा, किन्नौर, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की जा सकती है। इनमें से अधिकतर जिलों में कोहरे की लेयर छाई रहेगी। मौसम साफ होने के बाद पूरे राज्य में तेज सर्द हवाएं चलेंगी और कड़ाके की ठंड महसूस होगी। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में मौसम खराब होने के संकेत दिए हैं। 22 दिसंबर को पर्वतीय इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। बूंदाबांदी के साथ बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। अब पहाड़ों से मैदानी इलाकों तक घना कोहरा छाया नजर आएगा। अपेक्षा से अधिक ठंडी महसूस होगी।
श्रीनगर में माइनस 2 डिग्री पारा रहने का अनुमान
जम्मू-कश्मीर में आज और कल ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग का कहना है कि कुपवाड़ा, बारामूला, गांदरबल, बांदीपोरा समेत कुछ इलाकों में भारी बर्फबारी जारी रह सकती है। इस दौरान श्रीनगर में माइनस 2 डिग्री, पहलगाम में माइनस 2.5, गुलमर्ग में 2 डिग्री, बनिहाल में 3.4 भद्रवाह में 2.2 डिग्री कटरा में 8.9, बटोटे में 6.4 और जम्मू शहर में 9.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहने का अनुमान है। अब 40 दिनों तक कहर बरपाने वाले चिल्लई कलां के दस्तक देने की तारीख आ गई है। रविवार से चिल्लई कलां शुरू होगा और 30 जनवरी तक सर्दी और बर्फबारी का सिलसिला जारी रखेगा।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा बृहस्पतिवार, आगे इन राज्यों में बारिश के आसार
राजस्थान में 22 दिसंबर तक बादल छाए रहने का पूर्वानुमान
राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 दिसंबर तक कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा है कि कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। वैसे, बादलों के आने से न्यूनतम तापमान में एक से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। भरतपुर संभाग समेत कई हिस्सों में आज घना कोहरा छाया रहेगा। 24 दिसंबर से उत्तरी हवाओं के असर से न्यूनतम तापमान में फिर दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी।
एमपी में गलन वाली सर्दी
मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में शीतलहर और कोहरे से लोग परेशान हैं। मालवा-निवाड़, इंदौर और उज्जैन संभाग के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। इससे गलन वाली सर्दी महसूस हो रही। मौसम विभाग ने 2 दिनों से भोपाल, ग्वालियर, चंबल, संभाग, मुरैना, भिंड, टीकमगढ़, मऊगंज, सीधी, सिगरौली, रायसेन, रीवा, सतना, मैहर, छतरपुर, दतिया में घने कोहरे का अलर्ट जारी कर रखा है। आईएमडी के अनुसार पहाड़ों की ओर से आने वाली सर्द हवाएं तापमान को और गिराएंगी। आज और कल पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर से बादल छाने की संभावना है।
