आज के मौसम का हाल (सौजन्य-सोशल मीडिया)
दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। बुधवार को दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में तेज आंधी और बारिश ने दस्तक दी। आंधी तूफान के दौरान कुछ जगहों पर हवाओं की गति 50 किलोमीटर तक भी रही थी। बारिश और आंधी की इन गतिविधियों से तापमान एक ही घंटे में कई डिग्री तक लुढ़क गया और शाम सुहावनी रही। गुरुवार को भी तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
स्काईमेट के अनुसार, मई आमतौर पर दिल्ली का सबसे गर्म महीना होता है। इस समय तक तापमान 43 डिग्री के ऊपर तक पहुंच जाता है। 30 मई 2024 को तापमान 46.8 डिग्री रहा था। यह बीस सालों का सबसे गर्म दिन था। 29 मई 1944 को सबसे गर्म दिन 47.2 डिग्री रहा था। यह मई का सबसे गर्म दिन रहा था। वहीं मई 2021 अपवाद रहा।
इस पूरे महीने में तापमान महज तीन दिन 40 डिग्री से ऊपर रहा। दिल्ली के पास फिलहाल कोई मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है। गर्मी के कारण कुछ स्थानों पर ऊंचे बादल बन सकते हैं। यह स्थिति अगले 4 से 5 दिन तक बनी रह सकती है। 16 और 17 मई को आंधी की संभावना कुछ ज्यादा है। इस हफ्ते मध्यम गति से उत्तर पश्चिमी हवाएं चलेंगी। यह आमतौर पर शुष्क होती हैं। इन हवाओं के कारण नमी कम रहेगी। गर्मी अधिक बढ़ेगी।
भारतीय क्षेत्रीय मौसम विभाग के अनुसार मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ भारी बारिश की संभावना है। मराठवाड़ा जिले में कुछ स्थानों पर 50-60 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने के साथ बिजली चमकने और हल्की बारिश होने की संभावना है। कोंकण-गोवा जिले में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने तथा बिजली चमकने तथा 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते 24 घंटे में राजस्थान के अनेक इलाकों में आंधी चली और बारिश हुई। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, इस दौरान सीकर जिले में धूल भरी आंधी आई जबकि तथा राज्य में कहीं-कहीं बादलों की गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक, 37 मिलीमीटर बारिश सीकर में हुई। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बीकानेर में 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोधपुर, बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में 1 ‘लू’ का नया दौर शुरू होने की संभावना है।
बिहार के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। कुछ जगहों पर भीषण गर्मी पड़ रही है, तो कुछ जगहों पर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने दक्षिण बिहार के लोगों को गर्मी से सावधान रहने के लिए कहा है। वहीं, 33 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना है। राजधानी पटना में गर्मी से लोग परेशान हैं। दिन और रात का तापमान लगभग एक जैसा है।
उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप निकलने के कारण उमस भरी गर्मी ने बेहाल किया हुआ है। हालांकि, पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश का क्रम जारी है। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। चमोली, रुद्रप्रयाग सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है, जबकि मैदानी जिले तप रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान भी तेजी से पड़ेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छा सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावना है।
नागपुर सहित विदर्भ में येलो अलर्ट जारी, बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज आंधी के साथ हो सकती है बारिश
उत्तर प्रदेश में तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में निरंतर बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। बांदा में पारा 44 डिग्री सेल्सियस (44.2℃) को पार कर गया है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। गर्म हवाओं का यह दौर 20 मई तक प्रदेश में सक्रिय रह सकता है। वहीं 16 मई से प्रदेश में मौसम बदल सकता है। 16 से 19 मई तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।