मुकेश और नीता अंबानी ने हिलेरी क्लिंटन का किया शानदार स्वागत (Image- Social Media)
Hillary Clinton in India: मुकेश अंबानी, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन, और नीता अंबानी, रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन, ने मुंबई स्थित अपने घर ‘एंटीलिया’ में अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन का स्वागत किया। इस खास अवसर पर रिलायंस इंडस्ट्रीज की डायरेक्टर ईशा अंबानी भी वहां मौजूद रहीं। मुलाकात की तस्वीरों में मुकेश और नीता अंबानी, हिलेरी क्लिंटन के साथ काफी खुश नजर आए।
हिलेरी क्लिंटन की यह मुलाकात मुंबई क्लाइमेट वीक के पहले कार्यक्रम के तुरंत बाद हुई। इस दौरान उन्होंने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में भारत को एक अग्रणी और नवोन्मेषी देश बताया। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए मिल-जुलकर नए तरीके अपनाने होंगे। कार्यक्रम में बोलते हुए क्लिंटन ने जोर दिया कि अच्छे काम के लिए अमेरिका में राजनीतिक बदलाव का इंतजार नहीं किया जा सकता।
क्लिंटन ने कहा, “हम अमेरिका में राजनीतिक बदलाव का इंतजार नहीं कर सकते, क्योंकि इसमें कई साल लगेंगे। हमें यहीं पर नए मॉडल बनाने और नई खोज करने की जरूरत है।” उन्होंने मुंबई क्लाइमेट वीक की तारीफ करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण शुरुआत बताया और भरोसा जताया कि यह बड़े बदलाव लाने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि मुंबई में इस पहले क्लाइमेट सेशन के लिए सभी का सहयोग उस बदलाव की शुरुआत है जिसकी जरूरत है।
बातचीत के दौरान उन्होंने भारत में ‘क्लीन कुकिंग’ यानी साफ तरीके से खाना पकाने के अपने पुराने प्रयासों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जब वे विदेश मंत्री थीं, तब उन्होंने भारत में साफ ईंधन वाले चूल्हों के लिए बाजार बनाने की कोशिश की थी। यह भले ही छोटी बात लग सकती है, लेकिन इसका असर बहुत बड़ा होता है और इससे कई जानें बचाई जा सकती हैं।
यह भी पढे़ं- सुंदर पिचाई और अश्विनी वैष्णव भी हुए मुरीद! आखिर क्या है भारत की ‘GI कॉफी’ का राज, जिसकी पूरी दुनिया में चर्चा
हिलेरी क्लिंटन और अंबानी परिवार के बीच लंबे समय से घनिष्ठ संबंध रहे हैं। हिलेरी कई पारिवारिक अवसरों और समारोहों में अंबानी परिवार के साथ शामिल होती रही हैं। 2018 में ईशा अंबानी की शानदार प्री-वेडिंग पार्टी में भी हिलेरी क्लिंटन मौजूद थीं और उन्होंने सभी का ध्यान अपनी उपस्थिति से खींचा। उस अवसर पर उन्होंने लाल-नीले रंग का खूबसूरत कुर्ता और काली लिनन की पैंट पहनी हुई थी। मुकेश और नीता अंबानी की बेटी ईशा की शादी पीरामल ग्रुप के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर आनंद पीरामल से धूमधाम से हुई थी और यह शादी मीडिया में खूब सुर्खियां बटोर रही थी।