लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में SIT की रिपोर्ट के बाद सियासी संग्राम शुरू, कांग्रेस ने कहा-सच सामने आ गया

Deependra Hooda
दीपेंद्र हुड्डा (Photo Credits-ANI Twitter)
Published on
Updated on

नई दिल्ली: लखीमपुर खीरी हिंसा (Lakhimpur Kheri Violence) की जांच कर रही एसआईटी की रिपोर्ट (SIT Report) सामने आने के बाद सियासी संग्राम शुरू हो गया है। दरअसल विशेष जांच दल ने अब तक की जांच के बाद दावा किया है कि सुनियोजित साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया। कांग्रेस (Congress) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है। साथ ही अजय मिश्रा टेनी की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है। कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने आज कहा कि सच सामने आ गया।

ज्ञात हो कि लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में जांच टीम की रिपोर्ट पर कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जिस तरीके से हमें पीड़ितों के परिवार तक पहुंचने से रोका गया था। तब भी ग्राउंड रिपोर्ट में एक-एक चश्मदीद ये कह रहा था कि सुनियोजित तरीके से और बेदर्दी से इस घटना को अंजाम दिया गया। सच सामने आ गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार को प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी की भूमिका की जांच की मांग करते हुए ट्वीट किया था। उन्होंने ट्वीट कर लिखा था कि कोर्ट की फटकार व सत्याग्रह के चलते अब पुलिस का भी कहना है कि गृह राज्य मंत्री के बेटे ने साजिश करके किसानों को कुचला था। गांधी ने सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा था कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि साजिश में गृह राज्यमंत्री की क्या भूमिका थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com