भारत सरकार ने जेद्दा में फंसे भारतीय नागरिकों रेस्क्यू किया (सोर्स- सोशल मीडिया)
Indians Rescued from Jeddah Conflict: पश्चिम एशिया में गहराते सैन्य संघर्ष और बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब के जेद्दा में फंसे सैकड़ों भारतीय यात्रियों के लिए बुधवार की सुबह नई जिंदगी लेकर आई। केंद्र सरकार द्वारा आयोजित विशेष उड़ान के जरिए जब ये यात्री गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उतरे, तो वहाँ का नजारा अत्यंत भावुक कर देने वाला था। अपनों को सुरक्षित देख परिजनों की आँखों से खुशी के आंसू छलक पड़े, वहीं यात्रियों ने भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की।
पश्चिम एशिया में इजरायल,अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध जैसी स्थिति के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का शिड्यूल पूरी तरह चरमरा गया था, जिसकी वजह से जेद्दा में बड़ी संख्या में भारतीय यात्री फंस गए थे। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतरे एक यात्री ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया, “वहां युद्ध जैसी स्थिति थी और हम इस बात को लेकर बेहद डरे हुए थे कि क्या कभी अपने घर लौट पाएंगे? हालांकि हम एक होटल में सुरक्षित थे, लेकिन अनिश्चितता का डर हमें लगातार सता रहा था।”
मुश्किल की इस घड़ी में विदेशों में तैनात भारतीय अधिकारियों और दूतावास ने अपनी भूमिका बखूबी निभाई। यात्रियों ने बताया कि दूतावास के अधिकारी लगातार उनके संपर्क में थे और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिला रहे थे। केंद्र सरकार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंडिगो की एक विशेष उड़ान की व्यवस्था की, जिसने फंसे हुए भारतीयों को सुरक्षित निकालने का काम किया। एक अन्य यात्री ने कहा, “अगर सरकार विशेष विमान नहीं भेजती, तो हमें नहीं पता कि हम आज यहाँ होते या नहीं। भारत सरकार के प्रयासों ने हमें नई उम्मीद दी।”
हवाई अड्डे पर ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच यात्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति अपना आभार प्रकट किया। एक भावुक यात्री ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह जी के व्यक्तिगत हस्तक्षेप के कारण ही हमारी सुरक्षित वापसी संभव हो पाई है। हम भारत वापस आकर बहुत खुश हैं और गर्व महसूस कर रहे हैं कि हमारी सरकार संकट में अपने नागरिकों को कभी अकेला नहीं छोड़ती।”
जेद्दा से लौटे कई लोग धार्मिक यात्रा पर गए थे, जो अचानक बिगड़े हालातों के बीच वहां फंस गए। अल्लाह का शुक्र अदा करते हुए एक बुजुर्ग यात्री ने कहा, “मैं सुरक्षित और स्वस्थ लौट आया हूं। खुदा ने हमारी रक्षा की और सरकार ने हमें रास्ता दिखाया।” यात्रियों ने इंडिगो एयरलाइंस के चालक दल और हवाई अड्डा कर्मचारियों का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने पूरी यात्रा के दौरान उनकी सुविधा का ख्याल रखा।
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट में जंग के बीच भारत-पाक बॉर्डर पर बढ़ी हलचल, घुसपैठ की कोशिश करता पाकिस्तानी गिरफ्तार
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए ‘ऑपरेशन गंगा’ और ‘वंदे भारत’ जैसे मिशनों की तर्ज पर सतर्क है। जेद्दा से इन यात्रियों की वापसी यह दर्शाती है कि वैश्विक संकट के समय में भारत की कूटनीतिक पहुंच और नागरिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता कितनी मजबूत है। फिलहाल, अहमदाबाद लौटे सभी यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की जा रही है।