सावधान! अगले 24 घंटे 14 राज्यों पर भारी, 65 की रफ्तार से चलेगी तूफानी हवा और होगी झमाझम बारिश
Weather Update: भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी और बिहार सहित 14 राज्यों में भीषण आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जहां 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Today Weather Forecast: देश के एक बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज एक बार फिर पूरी तरह से बदलने वाला है। चिलचिलाती धूप और उमस से परेशान लोगों के लिए आसमान से राहत तो बरसेगी, लेकिन यह अपने साथ आंधी और तूफान की चुनौती भी लेकर आ रही है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए देश के 14 राज्यों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में उत्तर भारत से लेकर पूर्वी भारत तक कुदरत का कड़ा रुख देखने को मिल सकता है, जहां हवाओं की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
आसमान से बरसेगी राहत या बढ़ेगी मुसीबत
मई के इस महीने में जब पारा तेजी से ऊपर जा रहा था, तब अचानक हुए इस बदलाव ने हैरत में डाल दिया है। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 5 मई की रात हुई बारिश ने सुबह के सुहावना बना दिया, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से तात्कालिक राहत मिली है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह राहत अधिक समय तक टिकने वाली नहीं है।
सम्बंधित ख़बरें
उत्तर-भारत में तेज आंधी के साथ हुई बारिश; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, जानें अपने राज्य का हाल
बिहार में कुदरत का कहर; आधी-बारिश और बिजली गिरने से हुई 12 लोगों की मौत, सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान
Maharashtra Weather Update: नागपुर समेत विदर्भ में बदलेगा मौसम, IMD ने तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी दी
महाराष्ट्र में भीषण गर्मी के बीच बड़ी राहत, विदर्भ-मराठवाड़ा में आज से प्री-मानसून बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, लेकिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बिजली कड़कने की संभावना भी बनी हुई है। जैसे-जैसे सप्ताह आगे बढ़ेगा, 9 और 10 मई तक पारा एक बार फिर 39 डिग्री सेल्सियस के स्तर को छू सकता है।
14 राज्यों में तूफानी हवाओं के साथ गिर सकती है बिजली
मौसम विभाग का सबसे कड़ा अलर्ट पूर्वी भारत और गंगा के मैदानी इलाकों के लिए है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल सहित कुल 14 राज्यों में तूफानी बारिश का कोहराम मचने की आशंका है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और आजमगढ़ जैसे जिलों में न केवल तेज हवाएं चलेंगी, बल्कि बिजली गिरने की भी गंभीर चेतावनी जारी की गई है।
इतना ही नहीं, गोरखपुर, देवरिया और मथुरा जैसे इलाकों में ओलावृष्टि (ओले गिरना) फसल और जनजीवन को प्रभावित कर सकती है। बिहार में स्थिति और भी चिंताजनक हो सकती है, जहां पूर्वी चंपारण, गया और औरंगाबाद में मौसम विभाग ने ‘भारी तबाही’ की आशंका जताई है। यहाँ 8 मई तक लोगों को बेवजह घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
दिल्ली से बिहार तक मौसम के मिजाज में बड़े बदलाव के संकेत
पहाड़ी राज्यों और मध्य भारत का हाल भी कुछ अलग नहीं है। उत्तराखंड के नैनीताल, ऋषिकेश और हरिद्वार जैसे पर्यटन स्थलों पर भारी बारिश और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश के मनाली में न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जो पर्यटकों के लिए सुखद आश्चर्य हो सकता है लेकिन स्थानीय लोगों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है।
झारखंड में मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।
यह भी पढ़ें: जालंधर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर स्कूटी में धमाका, आग से मचा हड़कंप
मध्य प्रदेश में भी भोपाल और ग्वालियर समेत कई जिलों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है। राजस्थान में जहां एक ओर पश्चिमी विक्षोभ के कारण जयपुर और कोटा में बारिश का दौर जारी है, वहीं दूसरी ओर जोधपुर और बीकानेर जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में 8 मई के बाद तापमान 45-46 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने की संभावना है, जो भीषण गर्मी का संकेत है।
