

Highlights
विशाखापत्तनम में सोमवार देर रात HPCL की रिफाइनरी में आग लगी
फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया
स्थानीय लोगो ने इस दौरान धमाके की आवाज सुनने का दावा किया
HPCL Fire News: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में सोमवार देर रात गजुवाका औद्योगिक क्षेत्र में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की रिफाइनरी में आग लग गई।
मल्कापुरम के पुलिस इंस्पेक्टर प्रकाश राव ने बताया कि माना जा रहा है कि आग HPCL रिफाइनरी परिसर के भीतर, रिफाइनरी की 'रेसिड्यू अपग्रेडेशन फैसिलिटी' (RUF) के सल्फर पिच टैंक में लगी है। टैंक में आग लगने से लपटें उठने लगीं और घना धुआं फैल गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने इलाके में धमाके की आवाज सुनी थी, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
HPCL के एक कर्मचारी ने बताया कि आग की लपटें तेजी से आस-पास के इलाकों में फैल गईं, जिससे आसमान में काले धुएं के घने बादल छा गए और पूरा इलाका इसकी चपेट में आ गया। आग की ऊंची लपटों और घने धुएं को देखकर आस-पास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इस घटना के बाद रिफाइनरी के नजदीक रहने वाले लोगों में भारी दहशत फैल गई। आग लगने की सूचना मिलते ही, रिफाइनरी की आंतरिक अग्निशमन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।
इंस्पेक्टर प्रकाश राव ने कहा कि शहर के अन्य हिस्सों में स्थित फायर स्टेशनों को भी अलर्ट कर दिया गया था, लेकिन उनकी जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि रिफाइनरी की अपनी दमकल गाड़ियों ने ही आग पर काबू पा लिया।
एहतियात के तौर पर, रिफाइनरी अधिकारियों ने प्रभावित इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी और वहां मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया। इंस्पेक्टर ने कहा कि HPCL के कर्मचारियों या आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि एक घंटे के भीतर ही आग पर काबू पा लिया गया। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है और न ही कोई घायल हुआ है। HPCL में आग लगने की घटना की अब जांच की जा रही है और असली कारण का पता लगाया जा रहा है।
साइक्लोन मुरासु की वजह से आंध्र प्रदेश और विशाखापत्तनम में स्थिति पहले ही खराब है। तेज हवा के बीच रिफाइनरी में आग की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ी दी। आंधी-तूफान के दौरान आग लगने की घटनाएं बेहद खतरनाक और विनाशकारी होती हैं। तेज हवाओं के कारण आग बहुत तेजी से फैलती है और उस पर काबू पाना मुश्किल हो जाता है। गंभीर चक्रवाती तूफान मुरासु सोमवार की रात से नेल्लोर और नरसापुरम के बीच से गुजरी है।