बंद कंपनी में लगी आग, संभाजीनगर की प्लास्टिक कंपनी में भीषण अग्निकांड; बाल-बाल बची 2 कर्मचारियों की जान

Sambhajinagar Plastic Factory Fire: करोड़ी क्षेत्र की प्लास्टिक दाना बनाने वाली कंपनी में शुक्रवार आधी रात भीषण आग लग गई। 5 दमकल और 10-12 टैंकरों की मदद से आग बुझाई गई, लाखों का सामान राख हुआ।
Sambhajinagar Karodi Fire Plastic Company Fire
छत्रपति संभाजीनगर में प्लास्टिक कंपनी में भीषण आगसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Sambhajinagar Karodi Fire Plastic Company Fire: छत्रपति संभाजीनगर के करोड़ी क्षेत्र में शुक्रवार आधी रात प्लास्टिक दाना बनाने वाली कंपनी में भीषण आग लग गई। कंपनी में रखे प्लास्टिक के कच्चे माल ने आग को कुछ ही मिनटों में विकराल बना दिया। रखरखाव के लिए रुके दो लोगों ने मुश्किल हालात में बाहर निकलकर जान बचाई। हादसे में दो लोग मामूली रूप से घायल हुए।

प्लास्टिक के कच्चे माल ने कुछ ही मिनटों में पकड़ ली आग

छत्रपति संभाजीनगर, करोड़ी क्षेत्र में शुक्रवार आधी रात प्लास्टिक दाना बनाने वाली एक कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई। कंपनी के भीतर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का कच्चा माल रखा हुआ था। आग लगते ही इस सामग्री ने तेजी से लपटें पकड़ लीं और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

शुक्रवार को कंपनी में अवकाश होने के कारण नियमित कामगार मौजूद नहीं थे। हालांकि रखरखाव के काम के लिए उत्तर प्रदेश निवासी रवी गौतम और अरविंद कंपनी परिसर में रुके हुए थे। आग लगने के समय दोनों अंदर मौजूद थे।

धुएं और गर्मी के बीच पीछे का शटर खोलकर निकला रवी

रात करीब 11 बजे रवी गौतम और अरविंद सो रहे थे। अचानक धुएं की गंध और तेज गर्मी महसूस होने पर रवी की नींद खुली। उसने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सामने का शटर बंद था। इस दौरान आग तेजी से फैल रही थी।

रवी किसी तरह पीछे के शटर तक पहुंचा और उसका हैंडल खोलकर बाहर निकलने में सफल रहा। बाहर आने के बाद उसने कंपनी के मालिक नजीर पटेल से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

दरवाजा खोलते ही सामने थीं आग की लपटें

कंपनी के सामने बने कमरे में अरविंद अपने परिवार के साथ रहता था। अचानक कमरे में गर्मी बढ़ने से उसकी नींद खुल गई। उसने जैसे ही दरवाजा खोला, सामने आग की तेज लपटें दिखाई दीं। आग की चपेट में आने से अरविंद मामूली रूप से घायल हो गया।

इसके बावजूद उसने तत्काल अपने परिवार को बाहर निकाला। परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस घटना में संजय चव्हाण के भी मामूली रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।

Sambhajinagar Karodi Fire Plastic Company Fire
50 KM शव लेकर किया सफर, एंबुलेंस नहीं मिली, जेब में नहीं थे पैसे, नासिक में बाइक पर शव ले गया बेबस पिता

पांच दमकल और 10-12 पानी के टैंकर लगाए गए

छत्रपति संभाजीनगर में आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। कंपनी में रखी चार-पांच बड़ी मशीनें, लोहे का सामान और बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का कच्चा माल आग की चपेट में आ गया। अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।

आग पर नियंत्रण पाने के लिए पांच दमकल वाहनों के साथ करीब 10 से 12 पानी के टैंकर मौके पर बुलाए गए। दमकलकर्मी सुबह तक आग बुझाने में जुटे रहे। कंपनी मालिक नजीर पटेल के अनुसार, आग में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com