असम में हिमंता युग 2.0 की शुरुआत, मोदी-शाह की मौजूदगी में आज लेंगे शपथ, इन 4 चेहरों की कैबिनेट में एंट्री

Assam New Cabinet Ministers: हिमंता बिस्वा सरमा आज सुबह 11:40 बजे दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी और अमित शाह भी उपस्थित रहेंगे।
The Dawn of the Himanta Era 2.0 in Assam: Swearing-in Ceremony Today in the Presence of Modi and Shah; 4 New Faces Join the Cabinet
हिमंता बिस्वा सरमा (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Himanta Biswa Sarma Oath Ceremony: हिमंता बिस्वा सरमा आज सुबह 11:40 बजे दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। असम में एनडीए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। हिमंता के नेतृत्व में बीजेपी ने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन खानापारा में होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत कई मंत्री और संगठन के नेता शामिल होंगे। एनडीए गठबंधन ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों के साथ बड़ी जीत हासिल की है। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य मुख्यमंत्री और नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

4 मंत्री भी लेंगे शपथ

मुख्यमंत्री पद के लिए नामित हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को चार विधायकों के नामों की घोषणा की। ये विधायक मंगलवार को उनके साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे। वरिष्ठ भाजपा विधायक रंजीत दास को असम विधानसभा में अध्यक्ष पद के लिए एनडीए उम्मीदवार चुना गया है। इसकी घोषणा सरमा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से की थी। सरमा एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली, असम गण परिषद (एजीपी) के अध्यक्ष अतुल बोरा, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के नेता चरण बोरो और वरिष्ठ भाजपा नेता अजंता नियोग नए मंत्रिपरिषद में मंत्री पद की शपथ लेंगे।

हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि मेरे ये चार साथी कल माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में मेरे साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे-

  • रामेश्वर तेली
  • अतुल बोरा
  • चरण बोरो
  • अजंता नेओग

आगे उन्होंने लिखा, मुझे यह बताते हुए भी खुशी हो रही है कि विधायक रंजीत दास, असम विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए हमारे उम्मीदवार होंगे। इन सभी को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हम सब मिलकर, एक अधिक सशक्त, विकसित और समृद्ध असम के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करते रहेंगे।

देशभर के नेता होंगे शामिल

असम की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को गुवाहाटी के खानापाड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री शाह और देश भर के कई मुख्यमंत्रियों और एनडीए के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा।

पीएम मोदी का आभार: हिमंता

बीजेपी विधायक दल और एनडीए विधायक दल के निर्वाचित नेता हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी हमें लगातार तीसरी बार असम में सरकार बनाने का आशीर्वाद दिया है। प्रधानमंत्री के प्रति मैं हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। जनता ने हमें आशीर्वाद दिया है। अगले 5 वर्षों तक हम विकास कार्य करेंगे। मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भी अपना आभार व्यक्त करता हूं।

Navbharat Live
navbharatlive.com