heavy rain fall in 6 states
देशभर में बारिश लोगों के लिए बड़ी आफत लेकर आई है। बारिश के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। पूर्वोत्तर के 6 राज्यों में भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और बाढ़ के कारण इन राज्यों में तबाही मची हुई है। लगातार बारिश से जहां शहरों में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है तो वहीं पहाड़ी और तटीय इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से लोगों की गृहस्थियां तबाह हो गई हैं। असम में बारिश से 8 लोगों की जान चली गई है। डिब्रूगढ़ में ब्रह्मपुत्र नदी उफनाई है जिससे सैकड़ों लोगों के घर डूब के गए हैं। सिक्किम में तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ने से काफी संख्या में पर्यटक फंसे हुए हैं। वहीं दिल्ली में भी आज तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई जा रही है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने लगातार हो रही बारिश के कारण राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया है। इससे तटीय इलाकों में टेंशन बढ़ गई है। मणिपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 800 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। सीमांचल की 3 नदियां उफान पर हैं और देश के कई हिस्सों में भी तेज बारिश हो रही है।
असम में बारिश के कारण हालात ये हो गए हैं कि गांव के गांव डूब गए हैं। और तो और गुवाहाटी की सड़कों पर नाव चल रहीं हैं। बाढ़ में हजारों की संख्या में लोग अभी भी फंसे हुए हैं। एसडीआरएप के जवान लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हुए हैं। परेशानी की बात ये है कि बारिश अभी भी लगातार हो रही है जिससे रेस्क्यू कार्य में भी दिक्कत आ रही है।
देश के असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, मणिपुर और मिजोरम में बारिश बाढ़ और लैंडस्लाइड ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। असम के श्रीभूमि जिले में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है। लोगों के घरों में भी पानी भर गया है। असम में बाढ़ के कारण करीब 10 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं। वहीं सिक्किम में बारिश और भूस्खलन से तबाही मची है। बारिश के कारण तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ने से आम नागरिकों के साथ ही सैलानी भी मुसीबत में आ गए हैं। वह बाढ़ में फंस गए हैं।
कई राज्यों में नदियां उफनाईं, बाढ़ के हालात
मौसम विभाग ने बांग्लादेश में भारी बारिश की आशंका जताई है। जिसका असर अरुणाचल प्रदेश के निचले सुबनसिरी, पश्चिम कामेंग, पश्चिम सियांग, लोहित और चांगलांग जिलों पर पड़ने के आसार हैं। इसे देखते हुए इन इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी (IMD) के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश के आसार बताए गए हैं। मौसम का असर मणिपुर में भी दिख रहा है। इंफाल ईस्ट जिले के नीचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। इम्फाल घाटी से होकर बहने वाली इम्फाल और सैरो समेत कई छोटी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। सुरक्षाबल और एसडीआरएफ की ओर से लोगों का रेस्क्यू कार्य चल रहा है।
पूर्वोत्तर भारत में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, मेघालय में टूट सकते हैं रिकॉर्ड
मिजोरम में बारिश के कारण शनिवार को भूस्खलन हो गया था जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। इसमें म्यांमार के तीन लोग शामिल थे जबकि एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। पहाड़ों पर भारी बारिश के कारण उत्तराखंड में देहरादून के विकासनगर में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। बाढ़ के कारण 5 सैलानी भी फंसे हुए हैं। वहीं कश्मीर में भी भारी बर्फबारी कश्मीर से लद्दाख जाने वाले रास्ता बंद हो गया है।
दिल्ली में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो राजधानी में शाम को तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। दिन में हल्के बादल होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं दूसरी ओर यूपी में भी कई जिलों में तेज हवा चलने के साथ बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।