गिरिराज सिंह, (केंद्रीय मंत्री), फोटो - नवभारत आर्काइव
नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हालिया बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उन पर तीखा हमला बोला। गिरिराज सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी विदेश में जाकर भारत का अपमान कर रही हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
ममता बनर्जी ने लंदन के ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के केलॉग कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि वह इस भविष्यवाणी से सहमत नहीं हैं कि भारत 2060 तक दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
इस पर गिरिराज सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “ममता बनर्जी सच छुपाने और भारत का अपमान करने में लगी रहती हैं। आज पूरा विश्व हमारी बढ़ती अर्थव्यवस्था का सम्मान कर रहा है, लेकिन जब ममता और तथाकथित ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ विदेश जाते हैं, तो वे भारत का अपमान करते हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम के दौरान ममता बनर्जी को विरोध का भी सामना करना पड़ा। कुछ प्रदर्शनकारियों ने उन्हें आरजी कर कॉलेज केस और पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा को लेकर घेरा। विरोध प्रदर्शन के दौरान ममता बनर्जी को तीखे सवालों का सामना करना पड़ा।
भाजपा नेता अमित मालवीय ने ममता बनर्जी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें भारत विरोधी मानसिकता वाला बताया। मालवीय ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को भारत के दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने से दिक्कत है। यह बेहद शर्मनाक है। ममता बनर्जी जिस संवैधानिक पद पर हैं, उसका भी सम्मान नहीं करतीं। आखिर कौन विदेशी धरती पर अपने ही देश का अपमान करता है?”
देश की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
कार्यक्रम में चर्चा के दौरान आयोजकों ने कहा कि भारत पहले ही यूके को पछाड़कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। जल्द ही भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा और 2060 तक दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की भविष्यवाणी है। हालांकि, ममता बनर्जी ने इस पर असहमति जताते हुए कहा, “मैं इससे सहमत नहीं हूं।”