सन्नी रिटोलिया (फोटो- सोशल मीडिया)
चंडीगढ़ः हरियाणा पुलिस अपराधों पर लगाम लगाने के लिए दिन रात प्रयासरसत है, लेकिन रोहतक में आज पुलिस को चकमा देकर गैंगस्टर सन्नी उर्फ सन्नी रिटोलिया अपने साथी के साथ फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए काफी देर तक पीछा किया मगर वह हाथ नहीं आया।
वहीं उसके एक साथी को अवैध हथियार के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसकी स्कॉर्पियो भी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया व उसके दोनों साथी किसी वारदात को अंजाम देने लिए जा रहे थे।
पिस्टल व कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपी सोनीपत के निजामपुर गांव का रहने वाला है। उसकी पहचान रूप में हुई है। इसके अलावा गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया के साथ फरार हुआ तीसरा आरोपी रवि उर्फ खड्डू बताया जा रहा है। गिरफ्तार सागर के पास से पुलिस को देसी पिस्तौल व 10 कारतूस मिले। मामले में FIR दर्ज कर पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
जमानत पर बाहर आया है सन्नी रिटोलिया
गौरतलब है कि गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ का विरोधी है। हिमांशु भाऊ भी रोहतक के गांव रिटोली का रहने वाला है। दोनों गैंग में पिछले लंबे समय से गैंगवार चली आ रही है। इस गैंगवार में कई लोगों की जान जा चुकी है। करीब एक माह पहले गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया को झज्जर पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। उस केस में गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया कुछ दिन ही पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था।
नाकाबंदी तोड़कर भागे तो पुलिस ने किया पीछा
CIA-1 के ASI सत्यवान ने शिवाजी कॉलोनी थाने में FIR दर्ज करवाया है। उन्होंने शिकायत में बताया कि वे बेरी रोड पर गांव रिटौली में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि ब्लैक स्कॉर्पियो में गांव रिटोली निवासी गैंगस्टर सन्नी उर्फ सन्नी रिटोलिया अपने दो साथियों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहा है और उसके पास भारी मात्रा में हथियार हैं। सन्नी रिटोलिया का नाम सुनते पुलिस एक्शन में आ गई।
गांव गलियों में गैंगस्टर और पुलिस में चला भागा दौड़ी का खेल
सन्नी रिटोलिया पर करीब एक दर्जन केस दर्ज हैं। खबरी ने बताया कि वह स्कॉर्पियो में सवार होकर गांव सुडाना से गांव रिटोली में शराब ठेके पर जाएगा। इसके बाद गांव रिटोली में रोहतक-बेरी रोड पर नाकाबंदी शुरू की। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो तेज गति में आई और नाकाबंदी तोड़ते हुए गांव रिटोली में घुस गई। जिसका सीआईए पुलिस ने पीछा किया, लेकिन उसने गांव की गलियों में गाड़ी तेज रफ्तार से घुसा दी उसके बाद इस गली उस गली काफी देर भागने की कोशिश की। इसके बावजूद भी वह कामयाब नहीं हो पाया, क्योंकि पुलिस ने घेर लिया था।
गली में छोड़ स्कॉर्पियो घर में घुसे आरोपी
भागने का जब कोई रास्ता नहीं सूझा तो तीनों गैंगस्टर स्कॉर्पियो गली में छोड़कर एक घर में घुस गए। इसके तलाशी लेते हुए पुलिस भी घर में घुस गई तो उसमें सागर एक पिस्टल के साथ मिला उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं सन्नी रिटोलिया अपने साथ रवि उर्फ खड्डू के साथ फरार हो गया।