शीतलहर से पारा गिरेगा धड़ाम, इन राज्यों में बारिश बढ़ाएगी और परेशानी
27 December 2025 Ka Weather: मौसम विभाग ने 27 से 31 दिसंबर के बीच अंडमान निकोबार, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है।
- Written By: रंजन कुमार
यूपी में छाया कोहरा। इमेज-सोशल मीडिया
Weather Update: कश्मीर से कन्याकुमारी तक कई राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि 27 दिसंबर को नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहाड़ों पर सक्रिय होने जा रहा, जिसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी शुरू होगी। इसका असर उत्तराखंड के कुछ हिस्सों पर भी दिखेगा। उत्तर भारत के लिए आईएमडी ने बड़ा अलर्ट जारी करते हुए बताया कि अगले 2 दिन में शीतलहर के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी आएगी। खासकर दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में भीषण कोहरा छाया रहेगा। अगले 24 घंटे दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने सामान्य जीवन को प्रभावित कर रखा है। खासकर सुबह कोहरे के कारण विजिबिलिटी बहुत कम होने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ रही है। ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे लेट चल रही हैं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आईएमडी ने फिरोजाबाद, गोरखपुर, हरदोई, जौनपुर, वाराणसी, कानपुर, झांसी, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, देवरिया, बस्ती, बहराइच, गोंडा और अयोध्या समेत अधिकांश जिलों में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी रखा है। मौसम विभाग का मानना है कि अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक रहने का अनुमान है।
दिल्ली में मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली-एनसीआर में सुबह से धूप निकल रही है। मगर, लगातार शीतलहर के चलने से गिर रहे पारे के कारण ठंडक का एहसास बना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। सुबह और शाम कोहरे और स्मॉग की स्थिति रह सकती है। इस सप्ताह के बाद तापमान में और कमी आ सकती है। इससे कड़ाके की ठंड महसूस होगी। अगले 2 से 3 दिन तक 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश से मिली राहत
IMD का रेड अलर्ट! इन राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली का डबल अटैक
यूपी में तीन दिन और सताएगी भीषण गर्मी, फिर होगी मॉनसून की एंट्री; IMD ने जारी किया अलर्ट
Monsoon Update: दिल्ली-यूपी-बिहार और महाराष्ट्र समेत 16 राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी
पंजाब में सर्दी का अलर्ट
पंजाब में शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान डाउन है। मौसम विभाग ने बताया कि चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री, अमृतसर में 8.6 डिग्री, लुधियाना 8.2 डिग्री, पठानकोट में 6.1 डिग्री, बठिंडा में 8.1 डिग्री रहने का अनुमान है। अगले सप्ताह से राज्य में मौसम काफी खराब होने की उम्मीद है। 31 दिसंबर तक कई जिलों में बारिश को लेकर संभावना है। कोहरे के कारण यातायात काफी धीमा नजर आ रहा है।
हरियाणा के मौसम का हाल
हरियाणा में भीषण ठंड पड़ रही। नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री, अंबाला में 8.7 डिग्री, हिसार में 6 डिग्री, करनाल में 8 डिग्री, रोहतक में 7.6 डिग्री है। अगले 2 दिन में अधिकतर जिलों का न्यूनतम तापमान गिरेगा।
राजस्थान में शीतलहर और कोहरे का कॉकटेल
राजस्थान में शीतलहर और कोहरे का कॉकटेल बन रहा। इससे कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है। जयपुर मौसम विभाग के मुताबिक सबसे कम न्यूनतम तापमान करौली में 3.6 डिग्री और अधिकतम तापमान बाड़मेर में 28.4 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतर शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। जयपुर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री, सीकर के फतेहपुर में 4.6 डिग्री, दौसा में 5.0 डिग्री, पाली में 5.1 और अंता में 5.2 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। अगले 2 दिन में न्यूनतम तापमान में और कमी और आएगी व कोहरे का ग्राफ बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें: दिल्ली, यूपी से उत्तराखंड तक आज कैसा रहेगा मौसम? आने वाले दिनों के मौसम का मिजाज भी जानें
बिहार में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
बिहार में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप है। मौसम विभाग ने अधिकांश जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शीतलहर के कारण कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। आईएमडी के मुताबिक औरंगाबाद और भागलपुर का सबौर सबसे सर्द स्थान हैं। न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। गया में 7.6 डिग्री, भागलपुर में 8.7, और शेखपुरा में 8.8 डिग्री, सहरसा में 9.3 डिग्री पश्चिम चंपारण में 8.9 डिग्री और जहानाबाद में 9.2 डिग्री है। पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली और जहानाबाद जिलों में घने से बहुत घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है।
