शेख हसीना के बेटे सजीब ने की PM नरेंद्र मोदी की तारीफ, बोले- मां की जान बचाई, आपका आभार

बांग्लादेश की पूर्व PM शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद जॉय का एक वीडियो वायरल किया है, जिसमें वह प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते नजर आ रहे हैं। सजीब ने कहा कि भारत को अब दुनिया में नेतृत्वकर्ता की भूमिका निभानी चाहिए।
शेख हसीना के बेटे सजीब ने की PM नरेंद्र मोदी की तारीफ, बोले- मां की जान बचाई, आपका आभार
(डिज़ाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

ढाका: जहां एक तरफ नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख के तौर पर बीते गुरुवार को शपथ ली। वहीं देश में सरकारी नौकरियों में आरक्षण प्रणाली के खिलाफ और फिर सरकार विरोधी व्यापक प्रदर्शनों के बीच शेख हसीना ने बीते सोमवार को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और देश छोड़कर भारत चली गई थीं। इस पर हसीना के बेटे सजीब वाजेद जॉय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की जमकर तारीफ की है।

जानकारी दें कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद जॉय ने अमेरिका से एक वीडियो वायरल किया है, जिसमें वह प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते भी नजर आ रहे हैं। इस वीडियो संदेश में शेख हसीना के बेटे ने कहा कि, मेरी मां (शेख हसीना) की जान बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की त्वरित कार्रवाई के लिए मेरा व्यक्तिगत आभार। मैं उनका हमेशा ही आभारी रहूंगा। मेरा संदेश यह है कि भारत को अब दुनिया में नेतृत्व की भूमिका निभानी चाहिए और अन्य विदेशी शक्तियों को स्थिति को नियंत्रित करने नहीं देना चाहिए।

गौरतलब है कि शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद जॉय ने बीते गुरुवार को कहा था कि बांग्लादेश में लोकतंत्र बहाल होते ही उनकी मां अपने देश लौटेंगी। उन्होंने कहा कि उनके देश में अशांति फैलाने में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का हाथ है। हालांकि सजीब अब यह भी कह रहें है कि, "मेरे परिवार को कभी भी सत्ता का लालच नहीं रहा हम अपने देश के लिए काम करना चाहते हैं, हम बैठकर अपने देश की यह स्थिति नहीं देख सकते।"

बीते गुरुवार को सजीब ने यह भी कहा था कि शेख मुजीब (शेख मुजीबुर रहमान) परिवार के सदस्य न तो अपने लोगों को छोड़ेंगे और न ही संकटग्रस्त अवामी लीग को बेसहारा छोड़ेंगे। इसके साथ ही जॉय ने अपनी मां की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भारत से अंतरराष्ट्रीय राय बनाने में मदद करने तथा बांग्लादेश में लोकतंत्र की बहाली के लिए दबाव बनाने की अपील की थी। उनका कहना था कि कि उन्हें यह भी उम्मीद है कि जब भी लोकतंत्र बहाल होगा और नया चुनाव होगा तो अंतरिम सरकार समान अवसर तैयार करेगी। जॉय का मानना है कि इससे पहले कि भारत विरोधी ताकतें और मजबूत हों, भारत को तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए।

Navbharat Live
navbharatlive.com