सुरीली आवाज हुई खामोश...आशा ताई के निधन से देश स्तब्ध, PM Modi समेत इन बड़े नेताओं ने जताया दुख

PM Modi Tribute Asha Bhosle: भारतीय संगीत जगत की दिग्गज और सदाबहार आवाज आशा भोसले के निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। PM Modi समेत कई बड़े नेताओ ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
PM Modi Tribute Asha Bhosle
आशा फोसले और पीएम मोदी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Legendary Singer Asha Bhosle: भारतीय संगीत जगत की दिग्गज और सदाबहार आवाज आशा भोसले के निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। 92 वर्ष की उम्र में उनके निधन की खबर ने न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री बल्कि करोड़ों प्रशंसकों को भी स्तब्ध कर दिया है।

दशकों तक अपनी मधुर आवाज़ से लोगों के दिलों पर राज करने वाली आशा भोसले ने भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई। उनके जाने को संगीत जगत की अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया गहरा दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आशा भोसले के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उनके साथ अपनी पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि भारत ने अपनी सबसे बहुमुखी और प्रसिद्ध आवाज़ों में से एक को खो दिया है। उन्होंने कहा कि आशा जी की दशकों लंबी संगीत यात्रा ने देश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनियाभर के लोगों के दिलों को छुआ। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी आवाज़ में एक अलग ही जादू था, जो हर पीढ़ी को आकर्षित करता रहेगा। उन्होंने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

गृह मंत्री अमित शाह का शोक संदेश

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आशा ‘ताई’ को याद करते हुए गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि आशा भोसले ने अपनी प्रतिभा और मधुर आवाज़ से एक अनूठी पहचान बनाई। उनके गीतों ने भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और उनकी विरासत हमेशा जीवित रहेगी।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दी श्रद्धांजलि

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी आशा भोसले के निधन को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि आशा जी महाराष्ट्र ही नहीं पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान थीं। उनके गीतों ने हर युग में लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ा और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

केंद्रीय मंत्री निनिन गडकरी ने याद किए पुराने संबंध

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आशा भोसले के निधन को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आशा जी के साथ उनके पारिवारिक संबंध रहे हैं और उनका जाना व्यक्तिगत रूप से भी एक बड़ी क्षति है। गडकरी ने उनके संगीत करियर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने नया दौर, तीसरी मंज़िल, हरे रामा हरे कृष्णा, उमराव जान,इजाज़त और रंगीला जैसी फिल्मों के जरिए अपने गीतों को अमर बना दिया। उनका स्वर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

ममता बनर्जी ने बताया प्रेरणादायक व्यक्तित्व

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आशा भोसले के निधन को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि आशा जी एक प्रेरणादायक और मंत्रमुग्ध कर देने वाली गायिका थीं, जिन्होंने कई पीढ़ियों के दिलों पर राज किया। ममता बनर्जी ने यह भी याद दिलाया कि वर्ष 2018 में उन्हें बंगाल के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बंगविभूषण’ से सम्मानित किया गया था। उन्होंने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की भावुक प्रतिक्रिया

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आशा भोसले को ‘माँ भारती की बेटी’ बताते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आशा जी ने अपने गायन से पूरी दुनिया को मंत्रमुग्ध किया और उनका जाना पूरे देश के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति मिले।

आशा भोसले का जाना भारतीय संगीत जगत के लिए एक युग के अंत के समान है। उनकी आवाज़, उनके गीत और उनकी कला हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे। आने वाली पीढ़ियां भी उनके योगदान से प्रेरणा लेती रहेंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com