

Shivraj Singh Chouhan BJP Observer Bihar: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर कवायद तेज हो गई है। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार में पार्टी के लेजिस्लेटिव पार्टी लीडर के चुनाव के लिए सेंट्रल ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू के नेशनल प्रेसिडेंट नीतीश कुमार ने 10 अप्रैल को राज्यसभा मेंबर के तौर पर शपथ ली थी। इसके बाद से ही बिहार में नई सरकार को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी।
दिल्ली में राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेने से पहले मीडिया से बातचीत में नीतीश कुमार ने संकेत दे दिया था की आने वाले 3-4 दिनों में राज्य के नई सरकार का गठन हो सकता है। ऐसी चर्चा है कि नीतीश कुमार 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि, उनके इस्तीफे की तारीख को लेकर अभी तक कुछ भी अधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है।
बिहार ने नई सरकार के गठन के लिए भाजपा ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को ऑब्जर्वर के रूप में नियुक्त किया है। शिवराज सिंह चौहान की नियुक्ति इस बात का संकेत है कि राज्य में इस बार लगभग भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री बनना तय है। सत्ताधारी दलों के नेताओं का कहना है कि सीएम नीतीश के द्वारा एनडीए विधान मंडल की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें सभी के सामने नीतीश अपने इस्तीफे का औपचारिक ऐलान करेंगे। फिर राज्यपाल के पास जाकर अपना त्यागपत्र दे देंगे। इसके बाद बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
नए सीएम का चयन नीतीश के इस्तीफे के बाद होने वाली एनडीए विधायक दल की बैठक में होगा। बताया जा रहा है कि भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री का नाम उसी बैठक में घोषित किया जाएगा। नई सरकार का शपथ ग्रहण 15 अप्रैल को होने की संभावना है।
भाजपा से मुख्यमंत्री की रेस में सबसे पहले डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम चल रहा है। उनके अलावा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, मंत्री दिलीप जायसवाल, विधायक संजीव चौरिया, सांसद संजय जायसवाल, पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी समेत अन्य का नाम भी रेस में है। एक-दो दिन में इस पर स्थिति साफ होने की संभावना है।