

Air India Delhi San Francisco Flight Return: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का एक विमान तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से ही वापस लौट आया है। विमान ने उड़ान तो भर ली थी लेकिन तकनीकी समस्या का पता चलने के बाद इसे करीब 8 घंटे तक हवा में ही मंडराना पड़ा जिसके बाद सुरक्षा कारणों से इसकी दिल्ली में लैंडिंग कराई गई।
एयरलाइन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस विमान में 230 यात्री सवार थे। जिसका फ्लाइट नंबर AI173 था। विमान के सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद एयरलाइन प्रबंधन और यात्रियों ने राहत की सांस ली। एयर इंडिया ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया है कि विमान सुरक्षित रूप से लैंड कर चुका है और सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
कंपनी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 27 मई को नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली फ़्लाइट AI173, निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत एक तकनीकी समस्या की वजह से दिल्ली लौट आई है। एयरलाइन ने आगे कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अब विमान की अच्छे तरह से तकनीकी जांच की जाएगी ताकि खराबी के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
इस तकनीकी संकट की वजह से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। इसे देखते हुए एयर इंडिया की ग्राउंड टीमें यात्रियों की सहायता में जुट गई हैं। यात्रियों के लिए जलपान और होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, यात्रियों की इच्छा के अनुसार उनकी फ्लाइट को रीशेड्यूल किया जा रहा है या उन्हें जल्द से जल्द उनके स्थान तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।
हवाई सफर के दौरान तकनीकी समस्याओं का सिलसिला चिंता का विषय बनता जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते ही 21 मई को एयर इंडिया के एक अन्य विमान के इंजन में आग लगने की घटना सामने आई थी। वह विमान (AI2802) बेंगलुरु से दिल्ली आ रहा था, जब लैंडिंग के दौरान पायलट को आग का सिग्नल मिला था। हालांकि, उस समय भी सूझबूझ से विमान को सुरक्षित उतार लिया गया था और आग पर काबू पा लिया गया था।