रातों-रात तबाही! पहाड़ों से बरसी मौत… हिमाचल प्रदेश के निहरी में लैंडस्लाइड, बचाव अभियान जारी
Himachal Natural Disaster: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने तबाही का मंजर खड़ा कर दिया। सुंदरनगर उपमंडल की निहरी तहसील के ब्रगटा गांव में भूस्खलन की चपेट में आने से...
- Written By: अमन उपाध्याय
हिमाचल प्रदेश के निहरी में लैंडस्लाइड, फोटो ( सो. आईएएनएस)
Himachal landslide: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात हुई तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई। सुंदरनगर उपमंडल की निहरी तहसील के ब्रगटा गांव में भूस्खलन की घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में लैंडस्लाइड की घटनाएं बढ़ रही हैं।
ब्रगटा गांव में हुए भूस्खलन से एक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घर में मौजूद दो महिलाएं और 8 महीने के मासूम की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही निहरी चौकी की टीम मौके पर पहुंची। इस घटना की पुष्टि एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने की है।
हादसे में तीन लोगों की मौत
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि हादसे के वक्त घर में कुल पांच लोग मौजूद थे। इनमें से तीन की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान 64 वर्षीय तांगू देवी, 33 वर्षीय कमला देवी और 8 महीने के भीष्म सिंह के रूप में हुई है। वहीं 65 वर्षीय खूब राम और 58 वर्षीय दर्शन देवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
हिमाचल: आधी रात को गहरी खाई में समाई कार, सुबह जब गांव वालों ने देखा तो उड़ गए होश; चंबा में 4 की मौत
IMD का रेड अलर्ट! इन राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली का डबल अटैक
Chamba Accident: हिमाचल के चंबा में बड़ा हादसा! 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 7 लोगों की मौत
हिमाचल सरकार का बड़ा प्रशासनिक फैसला,अब बदले तरीके से होगी पंचायत प्रधानों की शपथ
उन्होंने बताया कि रात से लगातार हो रही तेज बारिश के बीच पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर जुटी हुई थी। लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया रात से ही जारी है और जल्द ही सभी को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। इससे पहले भी सुंदरनगर उपमंडल के जंगमबाग में ऐसा ही हादसा हुआ था, जिसमें सात लोगों की जान चली गई थी। अब निहरी क्षेत्र में यह नया हादसा सामने आया है।
यह भी पढ़ें:- पानी में डूबीं दुकानें, बहते वाहन…हिमाचल के मंडी में भारी तबाही, जल प्रलय का झकझोर देने वाला VIDEO
लगातार भारी बारिश और भूस्खलन के कारण इलाके की अधिकांश सड़कों पर आवाजाही बंद हो गई है। फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए स्थानीय लोग और राहत दल अपने स्तर पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते पहाड़ों से मलबा गिरने का खतरा अभी भी बरकरार है। एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, डीएसपी भारत भूषण और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से घरों से बाहर न निकलने तथा सतर्क रहने की अपील की। जिले के कई हिस्सों में पानी भर जाने से हालात और भी गंभीर बने हुए हैं।
(आईएएनएस इनपुट के साथ)
