हिमाचल: आधी रात को गहरी खाई में समाई कार, सुबह जब गांव वालों ने देखा तो उड़ गए होश; चंबा में 4 की मौत
Chamba Road Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में नकरोड़-हिमगिरी मार्ग पर एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है।
- Written By: अमन उपाध्याय
हिमाचल के चंबा में गहरी खाई में गिरी कार, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Himachal Chamba Road Accident News In Hindi: हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चंबा जिले में एक बार फिर कुदरत और खराब रास्तों ने हंसते-खेलते परिवारों को गहरे जख्म दिए हैं।
रविवार सुबह चंबा के नकरोड़-हिमगिरी मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हृदयविदारक घटना में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है।
देर रात हुआ हादसा
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, यह भीषण हादसा शनिवार देर रात हुआ था। अंधेरा होने और इलाका सुनसान होने के कारण रात के समय किसी को दुर्घटना का पता नहीं चल सका। रविवार सुबह जब स्थानीय राहगीरों ने खाई में क्षतिग्रस्त कार देखी, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर रवाना हुई।
सम्बंधित ख़बरें
IMD का रेड अलर्ट! इन राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली का डबल अटैक
मैहर के मार्कण्डेय आश्रम में बड़ा हादसा: नदी में नहाने गए तीन युवक डूबे, 2 युवकों को बचाया, एक की तलाश जारी
भंडारा में नई नाली में धंसी एसटी बस, चालक की सूझबूझ से 35 यात्रियों की बची जान
तिरोड़ा फ्लाईओवर पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर घायल
खाई से शवों को निकालने में जुटी पुलिस
चंबा जिला के पुलिस अधीक्षक (SP) विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। पुलिस टीम स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों के शवों को गहरी खाई से बाहर निकालने के काम में जुटी है। एसपी ने कहा कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि आखिर यह हादसा मानवीय चूक की वजह से हुआ या कार में कोई तकनीकी खराबी आ गई थी।
दूसरा बड़ा सड़क हादसा
हैरानी की बात यह है कि चंबा जिले में पिछले 24 घंटों के भीतर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे भरमौर उपमंडल के सामरा-उरेई संपर्क मार्ग पर भी एक ऑल्टो कार 300 फीट गहरी खाई में गिर गई थी।
उस हादसे में भी 4 लोगों की जान गई थी, जिनमें से तीन की मौके पर मौत हुई और एक महिला ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ा था। शनिवार के हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज चंबा में चल रहा है।
जून का महीना रहा हादसों के नाम
जून के महीने में चंबा जिले में हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। पहाड़ी और संकरे रास्तों पर तेज रफ्तार या लापरवाही कई बार जानलेवा साबित हो रही है। हाल ही में चूड़धार मंदिर से लौट रहे एक परिवार की गाड़ी भी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी और एक अन्य पिकअप हादसे में मां-बेटे समेत 6 लोगों की मौत हो गई थी।
यहां भी पढ़ें:- समुद्र से आसमान तक कांपेंगे दुश्मन! ‘मन की बात’ में PM मोदी ने गिनाई देश की उपलब्धियां, कही ये बड़ी बात
बार-बार हो रहे इन हादसों ने स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की सड़कों के रखरखाव की नीतियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, ताजा हादसे के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
