प्रतीकात्मक तस्वीर, फोटो: सोशल मीडिया
Earthquake Latest Update: हिमाचल प्रदेश में अलसुबह धरती कांप उठी। भूकंप के झटकों से जब लोगों की नींद खुली तो लोग घरों से बाहर की ओर भागे। थोड़े अंतराल पर आए दो झटकों ने लोगों को बुरी तरह डरा दिया।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार सुबह 4.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इससे पहले इसी क्षेत्र में 3.3 तीव्रता का झटका भी महसूस किया गया था। दोनों झटके हल्के रहे और किसी तरह की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ। गौरतलब है कि दो दिन पहले हिमाचल के कांगड़ा जिले में भी 3.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जो भूकंपीय क्षेत्र जोन 5 में आता है।
भूकंप का पहला झटका बुधवार सुबह 3:27 बजे आया जिसकी तीव्रता 3.3 थी, और दूसरा झटका सुबह 4:39 बजे दर्ज किया गया जिसकी तीव्रता 4.0 मापी गई। दोनों ही भूकंपों की गहराई 10 किलोमीटर थी। मौसम विभाग के अनुसार, चंबा के अलावा धर्मशाला से 23 किलोमीटर दूर भी झटके महसूस किए गए। तड़के इस घटना से लोग बेहद डर गए और सभी अपने घरों से बाहर निकल आए। दोनों झटकों के काफी समय बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
इसी दौरान पाकिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। बुधवार सुबह 2:38 बजे पाकिस्तान में 3.7 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि वहां भी जान-माल की हानि की कोई खबर नहीं है। इससे पहले पाकिस्तान में 29 मई को 4.4 तीव्रता और 12 मई को 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था।
भारत के अन्य हिस्सों में भी भूकंप दर्ज किया गया है। असम राज्य के नागांव जिले में सोमवार को 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। यह अगस्त महीने में राज्य में सातवां भूकंप था, और जिले में तीसरी बार झटका महसूस किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, यह भूकंप भी 10 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: गंभीर आपराधिक मामलों में गिरफ्तारी के बाद जाएगी कुर्सी! केंद्र सरकार ला रही है तीन नए बिल
भूकंप अब एक सामान्य प्राकृतिक घटना बन चुकी है और हर महीने दुनिया के किसी न किसी हिस्से में यह आता रहता है। जापान, इंडोनेशिया और फिलीपींस जैसे देशों में सबसे ज्यादा भूकंप आते हैं। भूकंप के चलते कई बार सुनामी जैसे खतरे भी उत्पन्न हो जाते हैं।