

Side Effects Of Ice Cream: गर्मी का मौसम हो और आइसक्रीम की बात न हो, ऐसा कैसे हो सकता है! ठंडी-ठंडी आइस क्रीम का स्वाद हर किसी को बहुत पसंद होता है। बच्चे हों या बड़े,सब इसे बड़े चाव से खाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा आइसक्रीम खाना हमारी सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं आइसक्रीम के 5 ऐसे नुकसान जिन्हें जानने के बाद शायद आप अगली बार सोच-समझकर ही इसे खाएंगे।
क्या है आइसक्रीम खाने के नुकसान जानिए :
खराब हो सकते हैं दांत
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, जरूरत से ज्यादा आइसक्रीम खाने से दांतों को नुकसान हो सकता है। दरअसल, आइस क्रीम में ज्यादा चीनी होती है, जो दांतों को नुकसान पहुंचा सकती है। इससे दांतों में कीड़ा लग सकता है और दर्द भी हो सकता है। अगर आप आइसक्रीम खाने के बाद मुंह साफ नहीं करते, तो दांत और भी जल्दी खराब हो सकते हैं।
पिंपल्स और मुंहासों की समस्या
जरूरत से ज्यादा आइसक्रीम खाने से पिंपल्स और मुंहासों की समस्या होने लगती हैं। आइसक्रीम में बहुत ज्यादा फैट और शुगर होती है, जो हमारे शरीर में हार्मोन को बिगाड़ सकती है। इसका असर चेहरे पर दिखाई देने लगता है- जैसे कि पिंपल्स, मुंहासे और स्किन का खराब होना।
डायबिटीज के मरीज
डायबिटीज मरीजों के लिए आइसक्रीम का सेवन हानिकारक हो सकता हैं। आइसक्रीम में चीनी बहुत ज्यादा होती है। जो लोग डायबिटीज के मरीज हैं या जिन्हें शुगर का खतरा है, उनके लिए आइसक्रीम बिल्कुल भी ठीक नहीं है। इससे ब्लड शुगर अचानक बढ़ सकता है, जो खतरनाक हो सकता है।
बढ़ सकता है वजन
जरूरत से ज्यादा आइसक्रीम खाने से वजन बढ़ जाता है। आइसक्रीम में ढेर सारी चीनी और मलाई होती है। ऐसे में, अगर आप रोज या ज्यादा मात्रा में इसे खाते हैं, तो आपके शरीर में बहुत सारी कैलोरी चली जाती है, जिससे वजन बढ़ने लगता है। खासतौर पर जो लोग पहले से वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके लिए ये और मुश्किल खड़ी कर सकती है।
डाइजेशन में परेशानी
जरूरत से ज्यादा आइसक्रीम खाने से डाइजेशन में प्रोब्लेम्स भी होने लगती है। कई लोगों को दूध से बनी चीजें पचाने में दिक्कत होती है। आइसक्रीम भी दूध से बनती है, इसलिए कुछ लोगों को इसे खाने के बाद गैस, दर्द या पेट फूलने जैसी परेशानी हो सकती है।