गुजरात में भारी बारिश का कहर, अहमदाबाद के वनितलाव गांव का टूटा संपर्क, NDRF ने शुरू किया राहत व बचाव कार्य

Gujarat Village Flooded: गुजरात में भारी बारिश से अहमदाबाद का वनितलाव गांव टापू बना। भोगावो नदी का जलस्तर बढ़ने से टूटा संपर्क, NDRF, प्रशासन और पुलिस ने शुरू किया राहत व बचाव अभियान।
gujarat heavy rain vanitlav village flooded bhogavo river dholera rescue
सांकेतिक फोटो (सोर्स-AI मॉडिफाईड फोटो)
Updated on

Heavy Rainfall Causes Flooding In Vanitlav Village Dholera: गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण अहमदाबाद जिले के धोलेरा तालुका का वनितलाव गांव चारों ओर से पानी से घिर गया है। भोगावो नदी में जलस्तर लगातार बढ़ने से गांव का आसपास के इलाकों से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि गांव एक टापू जैसा दिखाई देने लगा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।

प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा

प्रशासन के अनुसार, नदी का पानी तेजी से बढ़ने के कारण गांव तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख रास्ते बंद हो गए हैं। इससे गांव में रहने वाले लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस अधिकारियों और जवानों को मौके पर तैनात कर दिया है।

राहत एवं बचाव अभियान जारी

पुलिस, जिला प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही है। बचाव दल का मुख्य उद्देश्य गांव में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना है। पूरे अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

अन्य मार्ग भी एहतियातन किए गए बंद

इस बीच, भोगावो नदी में पानी बढ़ने के कारण आनंदपुर और बुरानपुर गांवों की ओर जाने वाला मार्ग भी एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है। पुलिस ने इन रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी है और लगातार गश्त की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी व्यक्ति को पानी से भरे या बंद रास्तों से गुजरने की अनुमति न दी जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

लोगों से प्रशासन की अपील

अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बंद किए गए रास्तों का उपयोग न करें और नदियों या पानी से भरे क्षेत्रों में जाने का प्रयास बिल्कुल न करें। पुलिस ने नागरिकों से केवल सरकारी सूचना और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों पर ही भरोसा करने तथा अफवाहों से दूर रहने की भी अपील की है।

-IANS ऐजेंसी इनपुट

Navbharat Live
navbharatlive.com