खेत में खुफिया तहखाना! गुजरात में सिस्टम बिठाकर सिस्टम के साथ खिलवाड़; रेड में लाखों की बरामदगी
Gujarat Police की क्राइम ब्रांच ने एक गांव से नकली नोटों की छपाई करने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने पूरा सिस्टेमैटिक काम कर रखा था। मौके से प्रिंटर, स्टेशनरी व लाखों नकली बरामदगी हुई।
- Written By: सौरभ शर्मा
गुजरात के बनासकांठा जिले में नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश
Fake Currency: गुजरात के बनासकांठा जिले में पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है, जो खेत में बने एक खुफिया तहखाने में नकली नोट छापने का काम कर रहा था। पुलिस को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर जब डीसा तालुका के महादेविया गांव में छापेमारी की गई, तो वहां का नजारा देखकर टीम भी हैरान रह गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से लगभग 40 लाख रुपये के नकली नोट, पांच प्रिंटर और भारी मात्रा में स्टेशनरी का सामान जब्त किया है।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना और खेत का मालिक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मास्टरमाइंड संजय सोनी और कौशिक श्रीमाली के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने नकली नोट छापने के गोरखधंधे में शामिल होने की बात कबूल कर ली है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है और पूरे नेटवर्क को खंगालने का प्रयास कर रही है ताकि पता चल सके कि इसकी जड़ें कहां तक फैली हैं।
पुराना अपराधी है भागा हुआ मास्टरमाइंड
इस पूरे मामले का मुख्य सरगना रायमल सिंह परमार है, जो खेत का मालिक भी है और फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस जांच में सामने आया है कि रायमल सिंह एक पुराना और शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ फिरौती, मारपीट और निषेध जैसे गंभीर अपराधों के 16 मामले पहले से ही दर्ज हैं। उसे गुजरात के कठोर सुरक्षा कानून (पासा) के तहत भी जेल भेजा जा चुका है। बताया जा रहा है कि जेल से बाहर आने के बाद उसने संजय सोनी के साथ मिलकर इस अवैध कारोबार की योजना बनाई और अपने ही खेत में तहखाना बनाकर नकली नोट छापने की फैक्ट्री शुरू कर दी।
सम्बंधित ख़बरें
कमरा खाली कराने से भड़का था सिरफिरा: MIDC में पूर्व किरायेदार ने मचाया उत्पात, नंदनवन निवासी महिला की हत्या
मथुरा में महिला की संदिग्ध मौत; बंद कमरे में मिला गला कटा शव, जांच में जुटी पुलिस
शादी से इनकार! सनकी प्रेमी ने बीच सड़क पर प्रेमिका को बाइक से मीलों तक घसीटा, रूह कंपा देने वाला देखें VIDEO
Varanasi: पुलिस ने फर्जी मैरेज ब्यूरो का किया भंडाफोड़; 10 महिलाएं गिरफ्तार, 10 लाख की साइबर ठगी का खुलासा
यह भी पढ़ें: देश के 47% मंत्री दागी, 174 पर हत्या-रेप जैसे गंभीर अपराध; ADR में कई चौंकाने वाले खुलासे
कितने नोट बाजार में खपाए, जांच जारी
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह गिरोह कब से सक्रिय था और अब तक कितनी नकली करेंसी छापकर बाजार में पहुंचा चुका है। जब्त किए गए पांच प्रिंटर और अन्य उपकरणों से यह साफ है कि आरोपी बड़े पैमाने पर नकली नोट बनाने की तैयारी में थे। बनासकांठा पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी रायमल सिंह परमार को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस मामले की हर एंगल से गहन जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।
