

Dhandhuka Violence: गुजरात के अहमदाबाद जिले के धंधुका में शनिवार को एक युवक की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। इस घटना ने सांप्रदायिक रूप ले लिया, जिससे दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। कई स्थानों पर आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं, जिसके कारण पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर धंधुका में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग करने लगे।
जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल दुर्घटना को लेकर हुई कहासुनी के बाद यह हत्या हुई, जिसके बाद हिंसा भड़क उठी। गुस्साए उपद्रवियों ने कई वाहनों में आग लगा दी और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। शहर के कुछ हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक झड़पों में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पथराव भी हुआ और कुछ जगहों पर आगजनी की घटनाएं हुईं।
स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।
गुजरात पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि इलाके में तनाव अभी भी बना हुआ है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
अहमदाबाद रूरल के सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस (SP), ओम प्रकाश जाट ने बताया, "हमारे पास लगभग 150 लोगों की एक टीम है, और वे शहर के सभी हिस्ट्री-शीटर्स, क्रिमिनल रिकॉर्ड वालों के घरों की तलाशी कर रहे हैं...अगर किसी के घर में कुछ भी संदिग्ध मिलता है, तो हम उसे ज़ब्त कर लेंगे और उनके खिलाफ़ कार्रवाई करेंगे। पूरे इलाके में यह लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी, और अगर कुछ भी गैर-कानूनी मिलता है, तो हम उसके खिलाफ़ तुरंत एक्शन लेंगे...हमने दो या तीन संदिग्ध लोगों को पकड़ा है और अभी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। उनसे जो भी पता चलेगा, उसके आधार पर हम आगे कार्रवाई करेंगे।"