राम मंदिर और संसद भवन दहलाने की थी साजिश, दिल्ली पुलिस ने 4 कट्टरपंथियों को दबोचा

Terror Plot Foiled: दिल्ली पुलिस ने देश में गजवा-ए-हिंद की साजिश रच रहे 4 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनके निशाने पर राम मंदिर और संसद भवन जैसे महत्वपूर्ण स्थान थे। आईईडी सामग्री भी बरामद।
Red Fort Blast
लाल किला (सांकेतिक तस्वीर)
Published on
Updated on

Delhi Police Special Cell Terror Plot Foiled: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने खुफिया सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार से चार कट्टरपंथी संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी देश में कथित तौर पर खिलाफत स्थापित करने और गजवा-ए-हिंद के नाम पर आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहे थे। इनके निशाने पर राम मंदिर, संसद भवन और कई सैन्य ठिकाने बताए जा रहे हैं। आरोपियों के पास से आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री भी बरामद की गई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों में से एक सोशल मीडिया पर समूह बनाकर जिहाद, खिलाफत और गजवा-ए-हिंद जैसे विषयों पर चर्चा करता था। इसी प्लेटफॉर्म पर संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने की योजनाएं भी साझा की जाती थीं।

लाल किला और इंडिया गेट की रेकी

पुलिस के मुताबिक, उसने दिसंबर 2025 में दिल्ली आकर लाल किला और इंडिया गेट की रेकी भी की थी। इसके अलावा, ओडिशा में हथियार और शारीरिक प्रशिक्षण की व्यवस्था करने तथा इसके लिए अन्य सदस्यों से धन जुटाने की बात भी सामने आई है। जांच एजेंसियों के अनुसार, मॉड्यूल के दो सदस्य रिमोट कंट्रोल से संचालित होने वाले आईईडी तैयार करने के लिए स्थानीय स्तर पर सामग्री जुटा रहे थे। वहीं, एक अन्य सदस्य सोशल मीडिया के जरिए लोगों को हथियार और विस्फोटक इकट्ठा करने के लिए उकसा रहा था और क्राउडफंडिंग के लिए अपने बैंक खाते और क्यूआर कोड साझा कर रहा था।

आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता

कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र के नवाबगंज बालू टोला निवासी सोहेल नामक युवक को भी आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में केंद्रीय जांच एजेंसी ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी मोबाइल की तकनीकी जांच, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया खातों पर मिले संदेशों के आधार पर हुई। पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के अनुसार, एक सप्ताह पहले केंद्रीय एजेंसी इनपुट के आधार पर कटिहार पहुंची थी और स्थानीय पुलिस के सहयोग से सोहेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी।

गजवा-ए-हिंद की साजिश

हालांकि, प्रारंभ में उसके पास से कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई थी, लेकिन उसके मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कराई गई। वैज्ञानिक जांच के बाद उसे आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया। एसपी ने बताया कि आरोपी के परिवार और उसके संपर्क में आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान सोहेल का मोबाइल और बैंक खाते की भी पड़ताल की गई, जिसमें उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। बताया जा रहा है कि वह पेशे से प्लंबर है और उसके कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। साथ ही, यह भी चर्चा है कि वह गजवा-ए-हिंद से जुड़े अन्य आरोपियों के संपर्क में था।

फॉरेंसिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी और उसके सहयोगियों का संपर्क किसी कट्टरपंथी संगठन से हो सकता है। सोशल मीडिया के माध्यम से वे कट्टर विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर रहे थे और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com