FACT CHECK: पूर्व आर्मी चीफ वेद प्रकाश मलिक के बयान का AI से बना फर्जी वीडियो वायरल

Pakistan Propaganda Fact Check वायरल वीडियो में पूर्व आर्मी चीफ वेद प्रकाश मलिक द्वारा पाकिस्तान की तारीफ और राफेल–S-400 के नष्ट होने का दावा किया गया, लेकिन यह AI से बना फर्जी वीडियो निकला।
The viral video claiming former Army Chief V.P. Malik praised Pakistan is fake and AI-generated.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो फर्जी है।
Updated on

Viral Video Fact Check : सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल किया जा रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि भारत के पूर्व आर्मी चीफ जनरल वेद प्रकाश मलिक ने पाकिस्तान की तारीफ की है और यह स्वीकार किया है कि भारत के राफेल लड़ाकू विमान और S-400 एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट कर दिया गया है। यह वीडियो खासतौर पर कुछ पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा अकाउंट्स द्वारा शेयर किया जा रहा है, जिससे लोगों में भ्रम फैलाया जा सके।

एक यूजर ने वीडियो शेयर कर लिखा- भारतीयों, जिन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप पर मई 2025 के भारत-पाकिस्तान संघर्ष की घटनाओं को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का बार-बार आरोप लगाया है, कृपया जनरल (सेवानिवृत्त) वी. पी. मलिक की बात पर ध्यान दें। (अर्काइव)

वायरल वीडियो का सच

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके की-फ्रेम को रिवर्स सर्च किया। सर्च करने पर हमें इसका रियल और अनएडिटेड वीडियो ANI न्यूज एजेंसी के पोस्ट में मिला।

यह वीडियो ANI ने 13 दिसंबर को पोस्ट किया था। इसमें वेद प्रकाश मलिक को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "ऑपरेशन विजय के दौरान मानव संसाधन का भरपूर उपयोग हुआ। आमने-सामने की लड़ाई हुई। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तो हमने एक-दूसरे की सीमा भी पार नहीं की। तकनीकी प्रगति इतनी व्यापक है।

उन्होंने आगे कहा- अब हमारे पास स्टैंडऑफ हथियार हैं; दोनों देशों के पास ये हथियार हैं। इसलिए हम सीमा से दूर रहते हुए भी एक-दूसरे पर हमला कर सकते हैं। अतः दोनों देशों द्वारा अपनाई गई तकनीकी प्रगति बहुत व्यापक है... लेकिन निश्चित रूप से भारत के पास बेहतर हथियार और उपकरण हैं।"

PIB ने वीडियो को बताया AI जनरेटेड

पड़ताल के दौरान हमें भारत सरकार की न्यूज एजेंसी PIB का एक पोस्ट मिला। PIB ने यह वीडियो पूरी तरह फर्जी बताया।

PIB के अनुसार, यह वीडियो पूरी तरह फर्जी है। वीडियो को AI टूल्स की मदद से डिजिटल रूप से छेड़छाड़ (manipulate) किया गया है। जनरल वेद प्रकाश मलिक (रिटायर्ड) ने ऐसा कोई बयान न तो दिया है और न ही किसी प्लेटफॉर्म पर कहा है। वायरल क्लिप को उनके पुराने वीडियो से काट-छांट कर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से गलत संदर्भ में पेश किया गया है।

साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत है। वायरल हो रहा वीडियो AI जनरेटेड है।

Navbharat Live
navbharatlive.com