सोनू सूद के बाद तेजप्रताप यादव ने की राजपाल यादव की आर्थिक मदद, ₹11 लाख की सहायता का किया ऐलान
Rajpal Yadav Financial Help: तेजप्रताप यादव ने राजपाल यादव की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। चेक बाउंस केस में जेल गए अभिनेता के परिवार को तेजप्रताप ने ₹11 लाख की सहायता देने की घोषणा की।
- Written By: सोनाली झा
तेजप्रताप यादव और राजपाल यादव (फोटो- सोशल मीडिया)
Tej Pratap Yadav Helps Rajpal Yadav: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों गंभीर कानूनी संकट से गुजर रहे हैं। चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा, जिसके बाद उनकी आर्थिक और निजी परेशानियां एक बार फिर चर्चा में आ गईं। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में राजपाल यादव ने भावुक होकर कहा था कि उनके पास न तो पर्याप्त पैसे बचे हैं और न ही कोई ऐसा दोस्त, जो इस मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़ा हो। उनका यह बयान सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री और राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई।
राजपाल यादव की मदद के लिए सबसे पहले अभिनेता सोनू सूद सामने आए, जिन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इंडस्ट्री से अपील की कि इस कठिन समय में राजपाल का साथ दिया जाए। सोनू सूद के इस कदम के बाद अब बिहार की राजनीति से एक बड़ा नाम आगे आया है। राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने राजपाल यादव को 11 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।
तेजप्रताप यादव का सोशल मीडिया पोस्ट
तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उन्हें राजपाल यादव के परिवार की पीड़ा के बारे में जानकारी मिली है और वह इस कठिन समय में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने लिखा कि मानवीय करुणा और सहयोग की भावना से मैं JJD परिवार की ओर से ₹11,00,000 (ग्यारह लाख रुपये) की आर्थिक सहायता राजपाल यादव के परिवार को प्रदान कर रहा हूं।
सम्बंधित ख़बरें
सलमान खान की क्रिएटिविटी का खुला राज, ‘दबंग 3’ के डायलॉग्स और वन-लाइनर्स खुद करते थे इम्प्रोवाइज
‘वेलकम टू द जंगल’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, छठे दिन 85 करोड़ के पार पहुंचकर बनाए 6 बड़े रिकॉर्ड
Kriti Sanon Relationship: कृति सेनन ने कबीर बहिया संग शेयर की रोमांटिक तस्वीर, ब्रेकअप की अफवाहों पर लगा विराम
Shilpa Shirodkar Reveals: सिर्फ दो मेकअप रूम थे, करिश्मा कपूर के फैसले ने जीत लिया था शिल्पा शिरोडकर का दिल
मुझे अभी मेरे बड़े भाई राव इंदरजीत यादव जी की पोस्ट के माध्यम से माननीय राजपाल यादव जी के परिवार की पीड़ा के विषय में जानकारी प्राप्त हुई।
इस अत्यंत कठिन समय में मैं और मेरा पूरा JJD (जन शक्ति जनता दल) परिवार, उनके शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना और मजबूती से खड़ा है। मानवीय… pic.twitter.com/IG4iblPRRq — Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) February 10, 2026
राजपाल यादव की तेजप्रताप ने की आर्थिक मदद
तेजप्रताप ने यह भी कहा कि यह समय राजनीति या किसी भेदभाव का नहीं, बल्कि इंसानियत के साथ खड़े होने का है। बताया जा रहा है कि यह पहली बार है जब किसी राजनेता ने खुले तौर पर राजपाल यादव की आर्थिक मदद की है। इससे पहले फिल्म इंडस्ट्री से भी कुछ चुनिंदा लोगों ने समर्थन जताया था, लेकिन प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता की घोषणा कम ही देखने को मिली।
राजपाल यादव फिल्म अता पता लापता
अगर मामले की बात करें तो राजपाल यादव का यह विवाद साल 2010 से जुड़ा है। उन्होंने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर असफल रहने के कारण वह यह रकम समय पर नहीं लौटा सके। बाद में उनके द्वारा दिए गए चेक भी बाउंस हो गए, जिसके चलते मामला कोर्ट तक पहुंच गया। समय के साथ ब्याज और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के चलते यह रकम बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये हो गई।
