'फिल्म इंडस्ट्री की चॉकलेट खतरनाक होती है...', तनुश्री दत्ता का बड़ा खुलासा, नए कलाकारों को दी सख्त चेतावनी

Tanushree Dutta Interview: तनुश्री दत्ता ने फिल्म इंडस्ट्री के काले सच पर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि नए कलाकारों को पहले तारीफ के जाल में फंसाया जाता है और फिर उनका शोषण होता है।
Tanushree Dutta Film Industry Truth
तनुश्री दत्ता (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Tanushree Dutta Film Industry Truth: बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री के अंदर छिपे कड़वे सच पर खुलकर बात की है। हाल ही में दिए एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में उन्होंने उभरते कलाकारों को सावधान रहने की सलाह दी और बताया कि ग्लैमर की दुनिया में कई बार सपनों के नाम पर लोगों को जाल में फंसा लिया जाता है।

एक बातचीत के दौरान तनुश्री ने कहा कि इंडस्ट्री में नए आने वाले कलाकारों को अक्सर बड़ी-बड़ी बातें और तारीफों के जरिए आकर्षित किया जाता है। कई लोग उनसे कहते हैं कि वह बहुत खूबसूरत या हैंडसम हैं और जल्द ही बड़े स्टार बन सकते हैं। लेकिन धीरे-धीरे यही लोग उन्हें ऐसी परिस्थितियों में ले जाते हैं जहां से निकलना मुश्किल हो जाता है।

उनके मुताबिक, शुरुआत में कुछ लोग कलाकारों को बहुत ऊपर चढ़ाते हैं और बड़े अवसरों का सपना दिखाते हैं। इसके बाद उन्हें अलग-अलग लोगों से मिलने के लिए कहा जाता है और कई बार यह सब एक जाल की तरह काम करता है।

'यहां चॉकलेट का मतलब कुछ और होता है'

तनुश्री दत्ता ने इस पूरे सिस्टम की तुलना बचपन में मिलने वाली सलाह से की। उन्होंने कहा कि माता-पिता बच्चों को सिखाते हैं कि किसी अजनबी के साथ नहीं जाना चाहिए, चाहे वह चॉकलेट ही क्यों न दे। लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में यह “चॉकलेट” अलग तरह की होती है। उनके मुताबिक यहां लोगों की महत्वाकांक्षाओं और सपनों का इस्तेमाल किया जाता है। कई बार बड़े मौके का लालच देकर उन्हें मानसिक और भावनात्मक रूप से फंसा लिया जाता है।

तनुश्री ने युवा कलाकारों को दी चेतावनी

तनुश्री का कहना है कि वह इस तरह के मुद्दों पर इसलिए बोलती हैं ताकि नए कलाकारों को पहले से सावधान किया जा सके। उनका मानना है कि अगर उनकी बातों से कुछ लोगों की जिंदगी बच सकती है, तो यह उनके लिए बड़ी बात होगी। उन्होंने कहा कि हर साल बड़ी संख्या में युवा लड़के-लड़कियां फिल्म इंडस्ट्री में अपने सपनों को लेकर आते हैं, लेकिन कई बार उन्हें शोषण और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ता है।

शोषण के गंभीर परिणाम पर कही ये बात

एक्ट्रेस ने यह भी दावा किया कि कुछ मामलों में स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि लोग पूरी तरह टूट जाते हैं। कुछ लोग मजबूरी में गलत रास्तों पर भी चले जाते हैं, जबकि कई लोग निराश होकर अपने शहर वापस लौट जाते हैं।

तनुश्री के मुताबिक, इंडस्ट्री में ऐसे मामलों की चर्चा बहुत कम होती है क्योंकि बाहर की दुनिया तक सिर्फ सफलता की कहानियां ही पहुंचती हैं।

इस बातचीत में तनुश्री ने यह भी बताया कि उन्होंने एक बार एक अभिनेत्री से दोस्ती खत्म कर ली थी क्योंकि वह इंडस्ट्री में समझौते वाली सोच को सही ठहरा रही थीं। तनुश्री का कहना था कि अगर किसी रिश्ते में प्यार हो तो वह व्यक्तिगत फैसला है, लेकिन करियर के लिए अपनी जिंदगी का सौदा करना उन्हें मंजूर नहीं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com