गुत्थी बनने से पहले डिप्रेशन का शिकार हुए थे सुनील ग्रोवर, कपिल के शो से कट गया था पत्ता!

Upasana Singh: उपासना सिंह ने खुलासा किया कि सुनील ग्रोवर 'द कपिल शर्मा शो' से पहले डिप्रेशन में थे और टीम उन्हें निकालना चाहती थी। उन्होंने 'गुत्थी' और 'डॉक्टर गुलाटी' बनकर फेम हासिल किया।
गुत्थी बनने से पहले डिप्रेशन का शिकार हुए थे सुनील ग्रोवर, कपिल के शो से कट गया था पत्ता!
सुनील ग्रोवर को 'द कपिल शर्मा शो' से क्यों निकालना चाहती थी टीम? उपासना सिंह ने किया खुलासा
Published on: 
Updated on: 

Sunil Grover Depression: कॉमेडी की दुनिया में 'गुत्थी' और 'डॉक्टर गुलाटी' जैसे यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील ग्रोवर आज हर घर में पहचाने जाते हैं। लेकिन उनकी यह सफलता आसानी से नहीं मिली। हाल ही में उनकी को-स्टार उपासना सिंह ने एक बड़ा खुलासा किया है कि 'द कपिल शर्मा शो' में अपनी परफॉर्मेंस से पहले सुनील ग्रोवर डिप्रेशन से जूझ रहे थे और उनके पास काम की कमी थी। इतना ही नहीं, जब वह शो में आए, तो शुरुआती परफॉर्मेंस के चलते टीम उन्हें बाहर भी निकालना चाहती थी।

उपासना सिंह ने 'द लल्लनटॉप' को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि जब कपिल शर्मा का शो शुरू हुआ था, तब सुनील ग्रोवर की तबीयत ठीक नहीं थी। उन्होंने बताया, "मैंने उनसे पूछा कि क्या हुआ है, तो उन्होंने बताया कि डिप्रेशन की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। उनके पास ज्यादा काम भी नहीं था।" उपासना सिंह ने कहा कि जब सुनील ग्रोवर, कपिल शर्मा के साथ उनके घर आए, तो वह उन्हें पहचान भी नहीं पाई थीं, क्योंकि उस समय वह ज्यादा काम नहीं कर रहे थे।

कपिल शर्मा की टीम सुनील ग्रोवर को निकालना चाहती थी

उपासना सिंह ने खुलासा किया कि सुनील ग्रोवर को शुरुआत में कपिल शर्मा के शो से निकालने की तैयारी थी। उन्होंने बताया, "जब वो शुरू में आए थे, तो धीमी आवाज में बोलते थे। इसलिए उस शो की क्रिएटिव टीम उन्हें निकालना चाहती थी क्योंकि उन्हें लगा कि वो काम नहीं कर सकते और बाकी कलाकारों के साथ तालमेल नहीं बिठा पा रहे।"

उपासना सिंह ने कहा कि उन्होंने ही टीम को समझाया कि सुनील ग्रोवर एक बहुत अच्छे अभिनेता हैं और उन्हें शो में रखा जाना चाहिए। उनकी इस सलाह के बाद ही सुनील ग्रोवर शो में बने रहे।

अलग-अलग किरदारों से जीता फैंस का दिल

कपिल शर्मा के शो में बने रहने के बाद सुनील ग्रोवर ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अपनी कॉमेडी टाइमिंग और अलग-अलग किरदारों से फैंस का दिल जीत लिया। उन्होंने 'गुत्थी' और 'डॉक्टर गुलाटी' बनकर खूब शोहरत हासिल की। कपिल शर्मा के शो से पहले, सुनील ग्रोवर ने रेडियो स्पॉट्स के जरिए भी लोकप्रियता बटोरी थी। आज वह मिमिक्री से लेकर गंभीर अभिनय तक, हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com