14 साल बाद बेगुनाह साबित हुए सूरज पंचोली, बोले- पुराने जख्म फिर हरे कर देती है हर झूठी हेडलाइन
Jiah Khan Case में बरी हो चुके सूरज पंचोली ने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट लिखकर भ्रामक खबरों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अदालत उन्हें बेगुनाह ठहरा चुकी है और अब तथ्यों के साथ खबर पेश की जानी चाहिए।
- Written By: अपूर्वा नायक
सूरज पंचोली और जिया खान (सौ. डिजाइन फोटो)
Sooraj Pancholi Reacts on Jiah Khan Case: आदित्य पंचोली के बेटे और एक्टर सूरज पंचोली के जीवन में 14 सालों बाद राहत की सांस आयी है। 14 साल पहले गर्लफ्रेंड जिया खान की मौत से जुड़े केस को लेकर अब सूरज पंचोली ने अपना दर्द बयां किया है।
मुंबई की एक स्पेशल सीबीआई कोर्ट (विशेष केंद्रीय जांच ब्यूरो अदालत) की ओर से सूरज को जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के केस से बरी कर दिया गया है। जिसके बाद पहली बार सूरज पंचोली ने इस केस को लेकर अपने ऊपर लगे आरोप को लेकर चुप्पी तोड़ी है।
इंस्टाग्राम पर शेयर की लंबी-चौड़ी पोस्ट
सूरज पंचोली ने हाल ही में अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से एक लंबी चौड़ी पोस्ट शेयर की है। जिसमें उन्होंने मीडिया पेजेस और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर आपत्ति जतायी है, जो इस मामले पर बिना किस जांच-पड़ताल के अधूरी जानकारी पेश करते है। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले के बाद भी गलत तथ्यों के आधार पर उन्हें कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।
सम्बंधित ख़बरें
लॉकअप 2 की एक्स कंटेस्टेंट पामेला सेरेना ने खोले कई राज, आकांक्षा चमोला, हर्षद और शिवांगी को लेकर कही बड़ी बात
खतरों के खिलाड़ी 15 की कंटेस्टेंट शगुन शर्मा ने की रोहित शेट्टी की तारीफ, बोलीं- बिल्कुल जमीन से जुड़े हैं
GEN-Z ट्रेंड में रंगे अनुपम खेर, वायरल छात्र प्रदर्शन वाली रील को बोमन ईरानी और रणवीर शौरी संग किया रीक्रिएट
Bhojpuri Bawaal: आम्रपाली दुबे के मां बनने के फैसले ने सबको किया हैरान, निरहुआ के भी उड़े होश
कोर्ट ने तथ्यों और सबूतों के आधार पर फैसला दिया
आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने करीब 14 वर्षों तक चले ट्रायल का सामना किया और अदालत ने उपलब्ध सबूतों, तथ्यों तथा कानून के आधार पर उन्हें बरी किया। उनके अनुसार, इस मामले में अब कोई कानूनी सवाल अनसुलझा नहीं है। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले अदालत के रिकॉर्ड और वास्तविक तथ्यों की जांच जरूर करें।
20 साल की उम्र में जिंदगी बदल गई
अभिनेता ने बताया कि जब यह दुखद घटना हुई, तब उनकी उम्र सिर्फ 20 वर्ष थी और वह जिया खान को केवल कुछ महीनों से जानते थे। उन्होंने कहा कि उस समय वह यह समझने की स्थिति में नहीं थे कि कोई व्यक्ति अंदर ही अंदर किन मानसिक और भावनात्मक संघर्षों से गुजर रहा हो सकता है। इस घटना के बाद उनकी पूरी जिंदगी बदल गई।
14 साल तक कानूनी लड़ाई लड़ने का दर्द किया साझा
सूरज पंचोली ने लिखा कि जिन वर्षों में उन्हें अपने करियर और भविष्य पर ध्यान देना चाहिए था, वे अदालत में अपनी बेगुनाही साबित करने की लड़ाई लड़ते रहे। उनके अनुसार, इस लंबे कानूनी संघर्ष ने उनकी जिंदगी के महत्वपूर्ण साल छीन लिए। उन्होंने कहा कि अदालत ने उन्हें निर्दोष माना, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग आज भी उन्हें दोषी मानते हैं, जो उनके लिए बेहद पीड़ादायक है।
जिया की निजता का सम्मान करने की कही बात
अपने पोस्ट में सूरज ने यह भी कहा कि उन्होंने कभी भी सार्वजनिक मंच पर जिया खान की निजी परेशानियों या उन बातों का खुलासा नहीं किया, जो अभिनेत्री ने उन पर भरोसा करके साझा की थीं। उनका कहना है कि उन्होंने हमेशा जिया की निजता का सम्मान किया और बदले में अपने लिए भी निष्पक्षता और सम्मान की अपेक्षा रखते हैं।
ये भी पढ़ें :- Bhojpuri Bawaal: आम्रपाली दुबे के मां बनने के फैसले ने सबको किया हैरान, निरहुआ के भी उड़े होश
पूरी कहानी बताइए, आधी नहीं
पोस्ट के आखिर में अभिनेता ने भावुक अंदाज में लिखा कि लोगों के लिए यह मामला केवल एक खबर या हेडलाइन हो सकता है, लेकिन उनके लिए यह पूरी जिंदगी का सबसे कठिन दौर रहा है। उन्होंने कहा कि हर भ्रामक हेडलाइन और अधूरी कहानी पुराने जख्मों को फिर से ताजा कर देती है। उन्होंने मीडिया और कंटेंट क्रिएटर्स से अपील की कि यदि वे उनकी कहानी बताएं तो तथ्यों के साथ पूरी और जिम्मेदार तरीके से पेश करें।
