Sonakshi Sinha Flim Nikita Roy Trailer Out Moive Full Of Mystery And Fear
सोनाक्षी सिन्हा का दमदार कमबैक, ‘निकिता रॉय’ ट्रेलर आउट, रहस्य और डर भरी से है फिल्म
लंबे वक्त बाद सोनाक्षी सिन्हा एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक डरावने किरदार के साथ वापसी करने जा रही हैं। उनकी नई फिल्म 'निकिता रॉय एंड द बुक ऑफ डार्कनेस' का ट्रेलर हाल ही रिलीज हुआ है, जो दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है।
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं, वो भी एक दमदार और डरावने किरदार के साथ। उनकी नई फिल्म ‘निकिता रॉय एंड द बुक ऑफ डार्कनेस’ का ट्रेलर अब रिलीज हो चुका है और इसे देखकर यह साफ है कि दर्शकों को एक सस्पेंस से भरी सुपरनेचुरल थ्रिलर फिल्म का अनुभव मिलने वाला है।
फिल्म का निर्देशन सोनाक्षी के भाई कुश एस सिन्हा ने किया है और यह एक इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर है, जिसमें हॉरर और सस्पेंस का तगड़ा तड़का लगाया गया है। फिल्म में सोनाक्षी एक इन्वेस्टिगेटर निकिता रॉय की भूमिका निभा रही हैं, जो एक रहस्यमयी स्प्रिचुअल हीलर अमर देव यानि परेश रावल के काले कारनामों की परतें खोलने के मिशन पर निकलती है। फिल्म में जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, वैसे-वैसे डर और रहस्य की परतें भी गहराती जाती हैं।
अर्जुन रामपाल फिल्म में एक पैरानॉर्मल रिसर्चर के रोल में नजर आ रहे हैं, जो चश्मे और दाढ़ी वाले लुक में बेहद गंभीर और डार्क दिखते हैं। ट्रेलर के एक सीन में उनका डायलॉग, “सत्य दुनिया का सबसे बड़ा झूठ है,” फिल्म की गहराई और रहस्य को और भी रोमांचक बना देता है। ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी मौत ही निकिता को इस भयानक रहस्य की तह तक जाने को मजबूर करती है।
फिल्म में सुहैल नैयर भी अहम किरदार में दिखाई देंगे। ‘निकिता रॉय’ को मूल रूप से एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर के तौर पर प्रचारित किया गया था, लेकिन ट्रेलर में अलौकिक तत्वों की झलक ने इसे हॉरर-थ्रिलर फील देने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
ट्रेलर शेयर करते हुए सोनाक्षी ने लिखा, “एक ऐसी दुनिया में आइए, जहां हकीकत धुंधली पड़ जाती है और अज्ञात सच्चाई पर भारी पड़ता है।” यह फिल्म 27 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और सोनाक्षी के फैंस के लिए एक बड़ा तोहफा होगी, जो उन्हें करीब तीन साल बाद बड़े पर्दे पर देखेंगे।
आपको बता दें कि एक्ट्रेस आखिरी बार ‘काकुड़ा’ में नजर आई थीं, जो 12 जुलाई 2024 को ZEE5 पर रिलीज हुई थी और दर्शकों द्वारा काफी पसंद की गई थी। ‘निकिता रॉय’ की कहानी मशहूर लेखक-निर्देशक पवन कृपलानी ने लिखी है, जो इससे पहले ‘फोबिया’, ‘गैसलाइट’ और ‘भूत पुलिस’ जैसी फिल्में बना चुके हैं।
Sonakshi sinha flim nikita roy trailer out moive full of mystery and fear