अरशद वारसी पर SEBI की बड़ी कार्रवाई, शेयर घोटाले में लगे गंभीर आरोप
अरशद वारसी और उनकी पत्नी मारिया गोरेटी पर SEBI ने शेयर बाजार में हेराफेरी का आरोप लगाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने साधना ब्रॉडकास्ट और शार्पलाइन रियल्टी के शेयरों की कीमतें बढ़ाकर मुनाफा कमाया।
- Written By: सोनाली झा
अरशद वारसी पर SEBI की बड़ी कार्रवाई
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अरशद वारसी एक बड़े वित्तीय घोटाले में फंस गए हैं, जिसने न केवल उनकी छवि को धक्का पहुंचाया है, बल्कि उन्हें शेयर बाजार से भी बाहर कर दिया गया है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड यानी SEBI ने अरशद वारसी, उनकी पत्नी मारिया गोरेट्टी और अन्य 57 लोगों के खिलाफ शेयर बाजार में हेराफेरी के आरोप में सख्त कार्रवाई की है।
सेबी की जांच में पाया गया कि इन लोगों ने ‘पंप एंड डंप’ स्कीम के जरिए साधना ब्रॉडकास्ट और शार्पलाइन रियल्टी जैसी कंपनियों के शेयरों की कीमतों को कृत्रिम रूप से बढ़ाया और फिर ऊंचे दाम पर बेचकर भारी मुनाफा कमाया। इस चालाकी से आम निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, अरशद वारसी ने 41.70 लाख रुपये और उनकी पत्नी मारिया गोरेती ने 50.35 लाख रुपये का अवैध लाभ कमाया।
सेबी ने आदेश दिया है कि यह पूरी रकम 12% सालाना ब्याज सहित वापस लौटाई जाए। इसके साथ ही दोनों पर 5-5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। इस घोटाले में कुल 59 लोगों ने 58.01 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की है। SEBI ने सभी आरोपियों को यह राशि लौटाने और भविष्य में शेयर बाजार से दूर रहने का निर्देश दिया है।
सम्बंधित ख़बरें
उर्फी जावेद के सवाल पर कंटेस्टेंट्स ने शिल्पा शिंदे को बताया सबसे खतरनाक, हिना खान ने भी लगा दी जमकर क्लास
‘एकता कपूर ने माफी मांगी थी’, सान्वी तलवार ने सुनाया सेट का कथित अनुभव, करण कुंद्रा पर लगाए आरोप
‘हैरी पॉटर’ के दीवानों के लिए खास तोहफा, सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज होंगी सभी 8 फिल्में; जानें तारीख
विलेन बनेंगे ऐश्वर्य ठाकरे, अहान पांडे से होगी जबरदस्त भिड़ंत, शरवरी के साथ होगी धमाकेदार एंट्री
SEBI की रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि इस घोटाले में सोशल मीडिया और यूट्यूब का दुरुपयोग किया गया। कुछ यूट्यूब चैनलों ने इन कंपनियों के शेयरों को लेकर भ्रामक और झूठे वीडियो अपलोड किए, जिससे आम निवेशकों को गुमराह किया गया। जब शेयरों की कीमतें बढ़ गईं, तो इन लोगों ने उन्हें बेचकर मुनाफा कमाया।
इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड गौरव गुप्ता, राकेश कुमार गुप्ता और मनीष मिश्रा को बताया गया है। इनके साथ पीयूष अग्रवाल, लोकेश शाह और अन्य कई लोग भी इस षड्यंत्र में शामिल थे। यह मामला न केवल शेयर बाजार की पारदर्शिता पर सवाल उठाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि कैसे सोशल मीडिया को गुमराह करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। अरशद वारसी जैसे लोकप्रिय अभिनेता का नाम इसमें आना चौंकाने वाला है और इससे उनकी साख पर भी असर पड़ा है।
