‘हैवान’ में खतरनाक नेगेटिव किरदार निभाएंगे अक्षय कुमार, सैफ अली खान बोले- इस बार सब कुछ अलग होगा
Akshay Kumar Negative Role: सैफ अली खान ने खुलासा किया कि प्रियदर्शन की फिल्म 'हैवान' में अक्षय कुमार एक खतरनाक नेगेटिव किरदार निभाते नजर आएंगे। 17 साल बाद दोनों सितारे साथ स्क्रीन शेयर करेंगे।
- Written By: सोनाली झा
अक्षय कुमार और सैफ अली खान (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
Saif Ali Khan on Akshay Kumar Negative Role: बॉलीवुड के दो बड़े सितारे अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं। करीब 17 साल बाद दोनों की जोड़ी फिल्म ‘हैवान’ में वापसी कर रही है, जिसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। ‘टशन’ के बाद पहली बार दोनों किसी फिल्म में साथ दिखाई देंगे। इस बीच सैफ अली खान ने फिल्म में अक्षय कुमार के किरदार को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
हाल ही में वैरायटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में सैफ अली खान ने बताया कि ‘हैवान’ उनकी पिछली फिल्मों से बिल्कुल अलग होगी। उन्होंने कहा कि इस बार दर्शकों को अक्षय कुमार का ऐसा रूप देखने को मिलेगा, जो उन्होंने पहले बहुत कम देखा है। सैफ ने कहा कि हम बहुत खुशकिस्मत हैं कि अक्षय इस फिल्म का हिस्सा हैं। सबसे रोमांचक बात यह है कि वह इसमें एक खतरनाक और नेगेटिव किरदार निभा रहे हैं।
सैफ अली खान ने कही ये बात
सैफ ने कहा कि मैंने उन्हें ऐसे रोल में बहुत कम देखा है और मैं खुद भी स्क्रीन पर उनका यह अवतार देखने के लिए बेहद उत्साहित हूं। सैफ के इस बयान के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। अक्षय कुमार को अब तक ज्यादातर एक्शन, कॉमेडी और देशभक्ति से जुड़ी फिल्मों में देखा गया है। ऐसे में उनका एक डार्क और नकारात्मक किरदार दर्शकों के लिए नया अनुभव हो सकता है।
सम्बंधित ख़बरें
अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ को मिला वीकेंड का फायदा, तीन दिनों में 58 करोड़ रुपये के पार पहुंचा कलेक्शन
‘मुझे लगता था मेरा समय भी आएगा’, रवि किशन ने सफलता के पीछे छिपे संघर्ष और इंतजार का किया खुलासा
‘श्रेयस अय्यर की बहन होने के अलावा आपकी पहचान क्या है’, फराह खान के सवाल पर श्रेष्ठा अय्यर ने दिया दमदार जवाब
‘नगरवाला’ में पहली बार साथ आएंगे जॉन अब्राहम और केके मेनन, 1971 के सबसे बड़े रहस्य से उठेगा पर्दा
सैफ अली खान ने की खुलकर बात
इंटरव्यू के दौरान सैफ अली खान ने अक्षय कुमार के साथ अपनी पुरानी दोस्ती पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि मैं अक्षय को बहुत पसंद करता हूं। वह मेरे लिए बड़े भाई जैसे हैं। हम एक-दूसरे को कई दशकों से जानते हैं। इतने लंबे समय तक इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकार के लिए मन में अपने आप सम्मान पैदा हो जाता है। हमने साथ में बहुत कुछ देखा है और हमारी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री हमेशा शानदार रही है।
कब रिलीज होगी हैवान
अक्षय कुमार और सैफ अली खान इससे पहले ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘ये दिल्लगी’, ‘तू चोर मैं सिपाही’, ‘कीमत’, ‘आरजू’ और ‘टशन’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। अब ‘हैवान’ दोनों की साथ में सातवीं फिल्म होगी। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘हैवान’ 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म 2016 में रिलीज हुई मलयालम थ्रिलर ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है।
