रणबीर कपूर की 'रामायण' की स्टारकास्ट का हुआ खुलासा, जानिए कौन निभा रहा है किस किरदार को

बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों सुर्खियों में है। इसी बीच हाल ही में 'रामायण' की स्टारकास्ट का खुलासा हुआ। तो चलिए जानते हैं कि कौन निभा रहा है किस किरदार को।
ranveer kapoor
रणबीर कपूर (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर की आने वाली मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा में है। इस पौराणिक प्रोजेक्ट को डायरेक्टर नितेश तिवारी बड़े स्तर पर बना रहे हैं और यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। 600 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बन रही इस फिल्म की स्टारकास्ट भी उतनी ही भव्य और चर्चित है जितना कि इसका विषय।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के किरदार में नजर आएंगे, जबकि साईं पल्लवी माता सीता का रोल निभा रही हैं। दोनों की जोड़ी को पर्दे पर देखना दर्शकों के लिए बेहद खास अनुभव होने वाला है।

अब बात करें अन्य अहम किरदारों की तो फिल्म में केजीएफ फेम यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। यश इस किरदार के लिए काफी लंबे समय से तैयारी कर रहे हैं और उनके लुक को लेकर काफी गोपनीयता बरती जा रही है।

लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं छोटे पर्दे के मशहूर कलाकार रवि दुबे। वहीं हनुमान के किरदार के लिए सनी देओल को चुना गया है, जो अपने दमदार डायलॉग्स और जोशीले अंदाज के लिए जाने जाते हैं।

कैकेयी का किरदार निभा रही हैं लारा दत्ता, जबकि रकुल प्रीत सिंह फिल्म में शूर्पणखा की भूमिका में दिखेंगी। काजल अग्रवाल को मंदोदरी का रोल मिला है, जो रावण की पत्नी थीं। एक और खास बात यह है कि फिल्म में अमिताभ बच्चन भी नजर आएंगे और वे जटायु का किरदार निभा सकते हैं।

महादेव के रोल में नजर आएंगे मोहित रैना, जिन्हें इससे पहले 'देवों के देव महादेव' में भगवान शिव के रूप में सराहा गया था। वहीं विक्रांत मैसी मेघनाद और राम्या कृष्णन कौशल्या के रोल में नजर आएंगी।

अरुण गोविल, जो 80 के दशक की रामायण में राम की भूमिका निभा चुके हैं, इस बार राजा दशरथ का किरदार निभा सकते हैं। वहीं बॉबी देओल को कुंभकरण की भूमिका के लिए अप्रोच किया गया है।

हालांकि अभी तक इन नामों पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें आसमान छू रही हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि 'रामायण' आने वाले समय की सबसे ग्रैंड और बहुप्रतीक्षित फिल्म साबित हो सकती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com