छोटे कद की वजह से सपना रहा अधूरा, फिर भी नहीं गई चेहरे की मुस्कान, ऐसे बने राजपाल यादव कॉमेडी के सुपरस्टार
Rajpal Yadav Birthday: शाहजहांपुर के छोटे से गांव से निकलकर बॉलीवुड में पहचान बनाने वाले राजपाल यादव की संघर्ष भरी कहानी। जानिए कैसे मुश्किल हालातों के बावजूद उन्होंने सफलता हासिल की।
- Written By: स्नेहा मौर्या
राजपाल यादव (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Rajpal Yadav Career Journey: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडी अभिनेता राजपाल यादव ने अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। पर्दे पर लोगों को हंसाने वाले इस अभिनेता की असल जिंदगी संघर्ष और मुश्किलों से भरी रही है।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के एक छोटे से गांव कुंडरा में 16 मार्च 1971 को जन्मे राजपाल यादव का बचपन बेहद साधारण परिस्थितियों में बीता। उनके पिता नौरंग यादव एक किसान थे और परिवार की आर्थिक स्थिति भी बहुत मजबूत नहीं थी। गांव में पक्के मकान तक नहीं थे, लेकिन इन परिस्थितियों के बावजूद उनके पिता ने बच्चों की पढ़ाई पर खास ध्यान दिया।
राजपाल यादव को बचपन से था कुछ बड़ा करने का सपना
राजपाल यादव बचपन में सेना में भर्ती होना चाहते थे, लेकिन उनका कद छोटा होने के कारण यह सपना पूरा नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में अपना करियर बनाने का फैसला किया।
सम्बंधित ख़बरें
Arbaaz Khan Birthday: खिलाड़ी का ऑफर ठुकराया, डेब्यू बार-बार टला, फिर दरार ने बदल दी अरबाज खान की किस्मत
Kishore Kumar Story: अभास कुमार से बने किशोर कुमार, चार शादियां, मधुबाला का प्यार और कई अनसुने किस्से
मायसा की शूटिंग में गंभीर रूप से घायल हुईं रश्मिका मंदाना, कूल्हे का टेंडन हुआ डैमेज, बोलीं- हिम्मत नहीं टूटी
स्पाइडर-मैन के तूफान के बीच भी नहीं झुका जन नायकन, 12 दिनों में 178 करोड़ कमाकर विजय ने बनाया रिकॉर्ड
उन्होंने 1992 में थिएटर से अपने सफर की शुरुआत की और भारतेंदु नाट्य अकादमी में अभिनय का प्रशिक्षण लिया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में भी पढ़ाई की। एक्टिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद 1997 में वह मुंबई पहुंचे और अपने करियर की शुरुआत छोटे पर्दे से की।
फिल्मों में मिली असली पहचान
राजपाल यादव को शुरुआती दौर में टीवी सीरियल्स में छोटे रोल मिले। बाद में उन्हें फिल्मों में काम करने का मौका मिला। 1999 में आई फिल्म दिल क्या करे से उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रखा।
हालांकि उन्हें असली पहचान फिल्म जंगल से मिली, जिसमें उनके अभिनय को खूब सराहा गया। इसके बाद उन्होंने कई सफल फिल्मों में काम किया, जिनमें हंगामा, गरम मसाला, चुप चुप के, भागम भाग, फिर हेरा फेरी और भूल भुलैया
जैसी फिल्में शामिल हैं।
निजी जिंदगी में भी झेली मुश्किलें
राजपाल यादव की निजी जिंदगी भी उतार-चढ़ाव से भरी रही है। उनकी पहली पत्नी करुणा का निधन बेटी को जन्म देने के बाद हो गया था, जिससे अभिनेता को गहरा सदमा लगा। उनकी बेटी का नाम ज्योति है। कई सालों बाद उनकी मुलाकात कनाडा में जन्मी राधा यादव से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उन्होंने शादी कर ली।
ये भी पढ़ें- आलिया भट्ट के बर्थडे पर मां सोनी राजदान का इमोशनल पोस्ट, बोलीं- ‘तुम प्यार और दया से भरी हुई हो’
छोटे कद के कारण राजपाल यादव को इंडस्ट्री में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर अलग पहचान बनाई। आज वह बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय कॉमेडी अभिनेताओं में गिने जाते हैं। आपको बता दें कि हाल ही में उन्हें चेक बाउंस केस में जेल भी जाना पड़ा था। लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद वह 17 फरवरी को रिहा हो गए थे और अपनी भतीजी की शादी में भी शामिल हुए थे।
