

Bollywood Celebs On PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़े कई सितारों ने भी सोशल मीडिया के जरिए पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। अक्षय कुमार, रवि किशन और शत्रुघ्न सिन्हा समेत कई कलाकारों ने उनके लिए संदेश शेयर किए।
अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम मोदी को उनके जन्मदिन से एक दिन पहले ही शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नरेंद्र मोदी के साथ अपनी पुरानी तस्वीरें शेयर कीं। अपने पोस्ट में उन्होंने जन्मदिन की बधाई के साथ पीएम के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और शांति की कामना की। उन्होंने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले इसलिए बधाई दी, ताकि उनका संदेश जन्मदिन पर आने वाली शुभकामनाओं की भीड़ में खो न जाए।
अभिनेता और सांसद रवि किशन ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर शेयर कर उनके लिए संदेश लिखा। इसके अलावा रवि किशन ने 'आशीर्वाद का दीया' को लेकर भी अपनी बात रखी है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर 'आशीर्वाद का दीया' अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम लोगों से दीया जलाने की अपील की गई है। इस अभियान का उद्देश्य पीएम मोदी के लिए लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करना बताया गया है। देशभर में 500 से ज्यादा स्थानों पर भी इससे जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अक्षय कुमार ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में जन्मदिन को सेवा और जरूरतमंदों की मदद के संकल्प के साथ मनाने की बात कही। उनके अलावा बिंदु दारा सिंह और ईशा कोप्पिकर समेत अन्य फिल्मी हस्तियों ने भी सोशल मीडिया के जरिए पीएम मोदी को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।