

StartFragment
Pankaj Tripathi Mother Passed Away: बॉलीवुड के संजीदा अभिनेता पंकज त्रिपाठी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बीते शुक्रवार को उनकी मां हेमवंती देवी का उनके पैतृक गांव बिहार के गोपालगंज जिले के बेलसंड में निधन हो गया। वह 89 वर्ष की थीं और कुछ समय से बीमार चल रही थीं। अभिनेता की टीम ने एक बयान जारी कर इस दुखद खबर की पुष्टि की है।
टीम ने अपने बयान में कहा, "हमें आपको यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि श्री पंकज त्रिपाठी की प्यारी मां, हेमवंती देवी का शुक्रवार को बिहार के गोपालगंज के बेलसंड में अपने पैतृक गांव में शांतिपूर्वक निधन हो गया। वह 89 साल की थीं और कुछ समय से बीमार थीं। पंकज त्रिपाठी उनके आखिरी पलों में उनके साथ थे।"
हेमवंती देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को उनके पैतृक गांव बेलसंड में परिजनों, रिश्तेदारों और दोस्तों की मौजूदगी में हुआ। त्रिपाठी परिवार इस बड़ी क्षति पर शोक मना रहा है और उन्होंने मीडिया और शुभचिंतकों से विनम्र निवेदन किया है कि इस दुख की घड़ी में उनकी निजता का सम्मान किया जाए और परिवार को शांतिपूर्वक शोक मनाने का समय दिया जाए।
यह दूसरी बार है जब पंकज त्रिपाठी के परिवार पर इतनी कम अवधि में दुःख आया है। इससे पहले, उनके पिता पंडित बनारस तिवारी का 21 अगस्त 2023 को उनके पैतृक गांव में निधन हो गया था। उस समय पंकज त्रिपाठी मुंबई में अपनी फिल्म 'ओएमजी 2' का प्रमोशन कर रहे थे और तुरंत अंतिम संस्कार के लिए बिहार वापस चले गए थे।
पंकज त्रिपाठी ने शुरुआती दिनों में अपने पिता, जो एक पुजारी और किसान थे, की मदद की थी। हालांकि, पटना में कॉलेज थिएटर के दौरान उन्हें एक्टिंग का शौक हो गया। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से ग्रेजुएट होने के बाद, त्रिपाठी मुंबई आ गए, लेकिन उन्हें बड़ी सफलता अनुराग कश्यप की डायरेक्टेड फिल्म 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' से ब्रेक मिलने के बाद मिली। इसके बाद उन्होंने 'मसान', 'न्यूटन', 'स्त्री', 'मिर्जापुर', 'मिमी' और 'ओएमजी 2' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में जगह बनाई।
EndFragment