

Highlights
पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की संभावित रिलीज को लेकर भारत में विवाद बढ़ गया है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 की एडवाइजरी का पालन करने को कहा है।
बेंगलुरु में पाकिस्तानी ड्रामा 'दर-ए-निजात' के दो प्राइवेट स्क्रीनिंग इवेंट रद्द कर दिए गए।
Pakistani Web Series Ban In India: भारत में पाकिस्तानी एंटरटेनमेंट कंटेंट को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। एक तरफ पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की संभावित रिलीज को लेकर नेटफ्लिक्स पर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी तरफ बेंगलुरु में पाकिस्तानी ड्रामा 'दर-ए-निजात' की प्राइवेट स्क्रीनिंग को लेकर भी बवाल हो गया।
सोशल मीडिया पर विरोध और आलोचना के बाद आयोजकों को दोनों स्क्रीनिंग इवेंट रद्द करने पड़े। वहीं, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को भी पाकिस्तानी कंटेंट से जुड़ी पुरानी एडवाइजरी का पालन करने की चेतावनी दी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का पालन करने और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि पाकिस्तान से आने वाला स्ट्रीमिंग कंटेंट भारत में उपलब्ध न हो।
मंत्रालय को पाकिस्तानी वेब सीरीज से जुड़ी कई शिकायतें और आवेदन मिले थे। दरअसल, नेटफ्लिक्स ने पिछले साल मंत्रालय को जानकारी दी थी कि पाकिस्तान की कोई भी फिल्म या सीरीज भारत में उपलब्ध नहीं कराई गई है। अब मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म से अपने इसी आश्वासन पर कायम रहने को कहा है। यह विवाद फवाद खान, माहिरा खान और हानिया आमिर स्टारर सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर भी है।
इसी बीच बेंगलुरु में पाकिस्तानी टीवी ड्रामा 'दर-ए-निजात' के दो प्राइवेट स्क्रीनिंग इवेंट्स भी विवादों में आ गए। पहला कार्यक्रम 28 नवंबर को फ्रेजर टाउन के शीश कबाब में आयोजित होना था। इसे 'द ब्लूम सोसाइटी सिस्टर्स क्लब' ने रखा था। इसमें सीरीज के 34वें और 35वें एपिसोड दिखाए जाने थे। साथ ही फारसी और अरबी व्यंजनों के डिनर की भी व्यवस्था थी। वहीं, 'द स्टार क्लब' की ओर से 5 दिसंबर को एक निजी थिएटर में दूसरी स्क्रीनिंग आयोजित की जानी थी।
विवाद बढ़ने पर बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर आर. हितेंद्र ने कहा कि पुलिस को प्रस्तावित आयोजनों की जानकारी है और आयोजकों से इस संबंध में जानकारी मांगी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद दोनों आयोजकों ने स्क्रीनिंग रद्द करने की पुष्टि की। बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तानी कंटेंट से दूरी बनाने की एडवाइजरी जारी की थी।