25 साल का फिल्मी सफर, कभी लगातार फ्लॉप हुईं फिल्में तो कभी मिला नेशनल अवॉर्ड, ऐसी रही अर्जुन रामपाल की जर्नी

Arjun Rampal Struggle: अर्जुन रामपाल ने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे। लगातार फ्लॉप फिल्मों और आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। फिल्म 'रॉक ऑन' ने उन्हें नेशनल अवॉर्ड दिलाकर नई पहचान दी।
Arjun Rampal Birthday
अर्जुन रामपाल(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • अर्जुन रामपाल को फिल्म इंडस्ट्री में 25 साल से ज्यादा का समय हो चुका है।

  • करियर की शुरुआत में उनकी लगातार कई फिल्में फ्लॉप हुई थीं।

  • रोहित बल की सलाह पर अर्जुन ने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा था।

Arjun Rampal Birthday Special Story: बॉलीवुड में अपनी दमदार एक्टिंग और शानदार पर्सनैलिटी के लिए पहचाने जाने वाले अर्जुन रामपाल आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें 25 साल से ज्यादा का समय हो चुका है। इस दौरान उन्होंने कई उतार-चढ़ाव देखे। कभी लगातार फ्लॉप फिल्मों का सामना किया तो कभी आर्थिक तंगी के ऐसे दौर से गुजरे कि घर का किराया चुकाना भी मुश्किल हो गया था। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत के दम पर बॉलीवुड में अलग पहचान बनाई।

अर्जुन रामपाल का फिल्मी सफर आसान नहीं था। एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले वह मॉडलिंग करते थे। एक पार्टी में उनकी मुलाकात मशहूर फैशन डिजाइनर रोहित बल से हुई थी। रोहित बल ने उन्हें मॉडलिंग करने की सलाह दी और मौका भी दिया। इसके बाद अर्जुन ने मॉडलिंग की दुनिया में अपनी पहचान बनाई।

अर्जुन रामपाल का बॉलीवुड डेब्यू

अर्जुन रामपाल ने साल 2001 में फिल्म 'प्यार इश्क और मोहब्बत' से बॉलीवुड डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके साथ सुनील शेट्टी, आफताब शिवदासानी और कीर्ति रेड्डी नजर आए थे। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसके बाद 2002 में आई फिल्म 'आंखें' उनके करियर के लिए बड़ी सफलता साबित हुई।

Arjun Rampal Birthday
Ravi Kishan Reveal: साड़ी पहनकर रामलीला करने पहुंचे थे रवि किशन, पिता ने की पिटाई, मां ने घर छोड़ने में की मदद
Arjun Rampal Birthday Special
अर्जुन रामपाल(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)

लगातार 14 फ्लॉप फिल्मों का देखा दौर

शुरुआती सफलता के बावजूद अर्जुन रामपाल के लिए आगे का रास्ता आसान नहीं रहा। उनके करियर में एक ऐसा दौर आया जब उनकी लगातार 14 फिल्में फ्लॉप हो गईं। इस वजह से वह अपने करियर के शुरुआती दौर से खुश भी नहीं थे। लगातार असफलताओं के बावजूद उन्होंने एक्टिंग करना नहीं छोड़ा और अच्छे मौके का इंतजार करते रहे।

जब किराया चुकाने तक के नहीं थे पैसे

अर्जुन रामपाल ने अपने जीवन के मुश्किल आर्थिक दौर का भी जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि एक समय ऐसा था जब उनके पास घर का किराया चुकाने तक के पैसे नहीं थे। वह मुंबई के अंधेरी स्थित सेवन बंगलोज में रहते थे।

उस मुश्किल वक्त में उनके मकान मालिक ने उनका साथ दिया। अर्जुन ने बताया कि मकान मालिक हर महीने किराया लेने आते थे, लेकिन जब उन्हें पता चला कि अर्जुन के पास पैसे नहीं हैं तो उन्होंने कहा, 'कोई बात नहीं, आप मुझे आराम से पैसे चुका देना।' मकान मालिक का यह व्यवहार अर्जुन के लिए किसी मदद से कम नहीं था।

Arjun Rampal Birthday Story
अर्जुन रामपाल(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)

रॉक ऑन ने दिलाया नेशनल अवॉर्ड

अर्जुन रामपाल के करियर में साल 2006 की फिल्म 'डॉन' से बदलाव आना शुरू हुआ। इसके बाद वह शाहरुख खान की फिल्म 'ओम शांति ओम' में विलेन के किरदार में नजर आए। दोनों फिल्मों को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। हालांकि, उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साल 2008 में आई फिल्म 'रॉक ऑन' बनी। उनके शानदार अभिनय के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला।