ओटीटी पर एंटरटेनमेंट का धमाल, इस हफ्ते रिलीज होंगी रोमांस से लेकर स्पेस ड्रामा तक की बड़ी पेशकशें

OTT Releases This Week: इस हफ्ते OTT प्लेटफॉर्म्स पर रोमांस, एक्शन, थ्रिलर और स्पेस ड्रामा से भरपूर कंटेंट रिलीज हो रहा है। गुस्ताख इश्क, तेरे इश्क में और मार्क जैसी फिल्में दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
New Movies On OTT January 2026 Netflix Jio Hotstar Gustakh Ishq Tere Ishk Mein
OTT पर एंटरटेनमेंट का धमाल (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

New Movies On OTT January 2026: ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर इस हफ्ते दर्शकों के लिए जबरदस्त मनोरंजन का पिटारा खुलने वाला है। रोमांस, थ्रिलर, एक्शन, कोर्टरूम ड्रामा और स्पेस साइंस जैसे अलग-अलग जॉनर की फिल्में और वेब सीरीज डिजिटल दुनिया में दस्तक देने जा रही हैं। नेटफ्लिक्स, जियो हॉटस्टार, प्राइम वीडियो और जी5 जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज होने वाला कंटेंट दर्शकों को घर बैठे सिनेमाई अनुभव देने के लिए तैयार है।

सबसे पहले बात करते हैं रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘गुस्ताख इश्क’ की। फातिमा सना शेख और विजय वर्मा स्टारर यह फिल्म 28 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब 23 जनवरी 2026 से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होने जा रही है। विभु पुरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह और शारिब हाशमी भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म रिश्तों, भावनाओं और प्रेम की जटिलताओं को बेहद खूबसूरती से पेश करती है।

तेरे इश्क में का OTT रिलीज

इसी दिन नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी आनंद एल राय की रोमांटिक फिल्म ‘तेरे इश्क में’कृति सेनन और धनुष की जोड़ी पहली बार इस फिल्म में नजर आएगी। फिल्म प्यार, त्याग और भावनात्मक संघर्ष की कहानी कहती है। इसमें प्रकाश राज, प्रियांशु पैन्युली और तोता रॉय चौधरी जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदारों में हैं। रोमांटिक फिल्मों के शौकीनों के लिए यह एक खास पेशकश साबित हो सकती है।

जियो हॉटस्टार पर दस्तक देगी मार्क

एक्शन और सस्पेंस पसंद करने वालों के लिए कन्नड़ फिल्म ‘मार्क’ भी ओटीटी पर आ रही है। किच्चा सुदीप स्टारर यह फिल्म 23 जनवरी से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। फिल्म में दमदार एक्शन, थ्रिल और इमोशनल ड्रामा का शानदार मेल देखने को मिलेगा। शाइन टॉम चाको और नवीन चंद्र जैसे कलाकारों की मौजूदगी फिल्म को और मजबूत बनाती है।

स्पेस जेन: चन्द्रयान OTT पर होगी स्ट्रीम

विज्ञान और अंतरिक्ष में दिलचस्पी रखने वाले दर्शकों के लिए ‘स्पेस जेन: चन्द्रयान’ एक खास सीरीज है। अरुणाभ कुमार द्वारा निर्मित यह स्पेस ड्रामा 23 जनवरी से जियो हॉटस्टार पर रिलीज होगी। सीरीज में श्रिया सरन, नकुल मेहता और दानिश सैत जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह कहानी भारत के अंतरिक्ष अभियानों और वैज्ञानिकों की चुनौतियों को दर्शाती है।

जी5 पर स्ट्रीम होगी क्राइम ड्रामा सिराई

इसके अलावा तमिल कोर्टरूम क्राइम ड्रामा ‘सिराई’ भी 23 जनवरी से जी5 पर स्ट्रीम होगी। विक्रम प्रभु स्टारर इस फिल्म में न्याय, अपराध और सस्पेंस की गहरी कहानी दिखाई गई है। कुल मिलाकर, यह हफ्ता ओटीटी दर्शकों के लिए बेहद खास होने वाला है, जहां हर उम्र और हर पसंद के दर्शकों के लिए कुछ न कुछ नया देखने को मिलेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com