AUS W vs IND W: डे-नाइट टेस्ट जीतने के करीब पहुंची ऑस्ट्रेलिया, दूसरी पारी में भारत के बैटरों ने किया निराश

AUS W vs IND W: ऑस्ट्रेलिया महिला टीम और भारतीय महिला टीम के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया टीम ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली और जीत के करीब पहुंच गई है।
Australia Women vs India Women, Only Test
प्रतिका रावल (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Australia Women vs India Women, Only Test: भारत के खिलाफ वाका ग्राउंड पर जारी इकलौते डे-नाइट टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। टीम इंडिया दूसरे दिन की समाप्ति तक 6 विकेट खोकर सिर्फ 105 रन ही बना सकी है। फिलहाल मेजबान ऑस्ट्रेलिया के पास पहली पारी के आधार पर 20 रन की लीड शेष है।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम पहली पारी में सिर्फ 198 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से इस पारी में जेमिमा रोड्रिगेज ने 84 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 52 रन की पारी खेली, जबकि शेफाली वर्मा ने 35 रन और काश्वी गौतम ने नाबाद 34 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से एनाबेल सदरलैंड ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि लूसी हैमिल्टन ने 3 विकेट निकाले। 2 विकेट डार्सी ब्राउन के हाथ लगे। 1 विकेट एश्ले गार्डनर ने अपने नाम किया।

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में बनाए 323 रन

इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 323 रन बनाकर पहली पारी के आधार पर 125 रन की शानदार बढ़त हासिल कर ली। कप्तान एलिस पेरी ने एनाबेल सदरलैंड के साथ चौथे विकेट के लिए 128 रन की साझेदारी की, जिसके बाद सदरलैंड ने बेथ मूनी के साथ पांचवें विकेट के लिए 54 रन जुटाए। एलिस पेरी 11 बाउंड्री के साथ 76 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि बेथ मूनी ने 19 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। सदरलैंड ने 171 गेंदों में 17 चौकों के साथ 129 रन बनाकर टीम को शानदार बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। भारत की तरफ से सायली सतघरे ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले। क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट हासिल किए। स्नेह राणा और शेफाली वर्मा ने 1-1 विकेट निकाला।

भारत ने दूसरी पारी में गंवाए 6 विकेट

इसके बाद टीम इंडिया ने दूसरे दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में 29 ओवरों का सामना किया, जिसमें 6 विकेट गंवाकर महज 105 रन बनाए हैं। भारत को 2 रन पर स्मृति मंधाना (2) के रूप में बड़ा झटका लगा। इसके बाद 10 के स्कोर पर शेफाली वर्मा (5) का विकेट भी गिर गया।

यहां से प्रतिका रावल ने जेमिमा रोड्रिगेज (14) के साथ 28 रन, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर (11) के साथ 26 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। इसके अलावा, स्नेह राणा के साथ सातवें विकेट के लिए 23 रन की अटूट साझेदारी की। प्रतिका दूसरे दिन की समाप्ति तक 43 रन बना चुकी हैं। 84 गेंदों की इस पारी में उनके बल्ले से 6 चौके निकले हैं, जबकि स्नेह राणा 2 चौकों के साथ 14 रन बना चुकी हैं। विपक्षी खेमे से लूसी हैमिल्टन ने 3 विकेट हासिल कर लिए हैं, जबकि सदरलैंड 2 विकेट ले चुकी हैं। 1 विकेट डार्सी ब्राउन ने प्राप्त किया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com