बचपन से रियाज, विरासत में संगीत, जानें प्यारेलाल के भतीजे मिथुन कैसे बने बॉलीवुड के मेलोडी किंग
Mithoon Music Journey: बॉलीवुड के मशहूर म्यूजिक कंपोजर मिथुन ने 7 साल की उम्र से संगीत सीखना शुरू किया। प्यारेलाल शर्मा के भतीजे मिथुन को ‘तेरे बिन’ और ‘तुम ही हो’ जैसे गानों से पहचान मिली।
- Written By: सोनाली झा
मिथुन (सोर्स-सोशल मीडिया)
Mithoon Birthday Special Story: बॉलीवुड के जाने-माने म्यूजिक कंपोजर मिथुन आज अपनी मधुर और भावनात्मक धुनों के लिए पहचाने जाते हैं। कम ही लोग जानते हैं कि मिथुन ने महज 7 साल की उम्र में संगीत सीखना शुरू कर दिया था। सुरों से उनका रिश्ता बचपन से ही जुड़ गया था और यही वजह है कि आज उनकी धुनें सीधे दिल को छू जाती हैं। 11 जनवरी को जन्मे मिथुन का मानना है कि किसी भी गाने की असली ताकत उसकी मेलोडी में होती है और बिना मेलोडी के कोई गीत अधूरा है।
मिथुन का जन्म एक ऐसे परिवार में हुआ, जहां संगीत विरासत में मिला। उनके पिता नरेश शर्मा खुद संगीत से जुड़े रहे हैं और दादा भी संगीतकार थे। इतना ही नहीं, मशहूर लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल जोड़ी के प्यारेलाल शर्मा मिथुन के चाचा थे। बचपन में वे अपने पिता के साथ स्टूडियो जाया करते थे, जहां उन्होंने संगीत को बेहद करीब से समझा। 11 साल की उम्र से उन्होंने विधिवत संगीत की तालीम लेना शुरू कर दी थी।
मिथुन का बॉलीवुड करियर
मिथुन ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत साल 2005 में फिल्म ‘जहर’ के गाने ‘वो लम्हे’ से की। इसके बाद ‘कलियुग’ का गाना ‘अब तो आदत सी है मुझको’ काफी लोकप्रिय हुआ। हालांकि, उन्हें असली पहचान साल 2007 में फिल्म ‘अनवर’ के गानों ‘मौला मेरे’ और ‘तोसे नैना लागे’ से मिली। लेकिन करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ फिल्म ‘बस एक पल’ का सुपरहिट गाना ‘तेरे बिन’, जिसे आतिफ असलम ने गाया था। इस गाने ने मिथुन को स्टारडस्ट अवॉर्ड दिलाया और वे ‘तेरे बिन’ वाले कंपोजर के नाम से मशहूर हो गए।
सम्बंधित ख़बरें
‘हमने अपना बेस्ट दिया था’, ‘कलंक’ की नाकामी पर Madhuri Dixit का बयान, दर्शकों के फैसले को बताया सबसे अहम
June OTT Release: ‘भूत बंगला’ से ‘राजा शिवाजी’ तक, जून में ओटीटी पर रिलीज होंगी कई बड़ी फिल्में और वेब सीरीज
Raj Kapoor Death Anniversary: राज कपूर को याद कर भावुक हुए जैकी श्रॉफ, इंस्टा पर स्टोरी लगाकर दी श्रद्धांजलि
Salman Khan का ‘काला हिरण’ पर बड़ा एक्शन, मेकर्स को भेजा लीगल नोटिस
मिथुन की फिल्में
साल 2013 में आई फिल्म ‘आशिकी 2’ के गाने ‘तुम ही हो’ ने मिथुन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। यह गाना आज भी सबसे आइकॉनिक रोमांटिक सॉन्ग्स में गिना जाता है। इसके बाद उन्होंने ‘एक विलेन’, ‘कबीर सिंह’, ‘सनम रे’, ‘हाफ गर्लफ्रेंड’, ‘बागी 2’, ‘शिवाय’, ‘खुदा हाफिज’, ‘राधे श्याम’ और ‘गदर 2’ जैसी कई फिल्मों में यादगार संगीत दिया।
मिथुन की निजी जिंदगी
मिथुन सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रहे, उन्होंने गैर-फिल्मी एल्बम्स में भी काम किया और आतिफ असलम जैसे सिंगर्स के साथ बेहतरीन म्यूजिक क्रिएट किया। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, हर गाने की एक आत्मा होती है और वह आत्मा मेलोडी में बसती है। निजी जिंदगी की बात करें तो मिथुन ने साल 2022 में गायिका पलक मुच्छल से शादी की। आज भी मिथुन अपनी धुनों से लाखों दिलों पर राज कर रहे हैं।
