करणवीर बोहरा के पिता महेंद्र बोहरा का निधन (फोटो-सोशल मीडिया)
Mahendra Bohra Passes Away: होली के जश्न के बीच टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेता करणवीर बोहरा के पिता महेंद्र बोहरा का 4 मार्च को निधन हो गया। इस खबर से जहां उनके परिवार में मातम पसरा है, वहीं टीवी और फिल्म जगत के कलाकारों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। महेंद्र बोहरा केवल एक पिता ही नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े एक सम्मानित निर्माता और निर्देशक भी थे।
करणवीर के दादा रामकुमार बोहरा भी अनुभवी निर्माता रहे थे। ऐसे में बोहरा परिवार का सिनेमा से गहरा रिश्ता रहा है। महेंद्र बोहरा लंबे समय से इंडस्ट्री में सक्रिय थे और अपने काम के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। उनके निधन की खबर ने उनके करीबियों और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को गहरा आघात पहुंचाया है। पिता के निधन के बाद करणवीर बोहरा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा किया।
करणवीर बोहरा ने अपने पिता की तस्वीरों से बना एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं पापा। मैं आपको इतना याद करने वाला हूं कि शब्दों में बयां नहीं कर सकता। उन्होंने आगे लिखा कि जिसने भी अपने माता-पिता को खोया है, वही इस दर्द को समझ सकता है। करणवीर ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात से सुकून है कि उनके पिता ने एक खूबसूरत और सम्मानजनक जिंदगी जी।
करणवीर ने अपने पोस्ट में पिता की सीखों को याद करते हुए लिखा कि उन्होंने उन्हें कभी हार न मानने, सपने देखने और गिरकर फिर खड़े होने की ताकत दी। उन्होंने कहा कि उनके पिता हमेशा ऊर्जा, जुनून और सकारात्मकता से भरे रहते थे। उन्होंने लिखा कि आपने मुझे सिखाया कि बिना शॉट पूरा किए सेट से नहीं जाना चाहिए। आपने मुझे रचना, उदारता और लोगों के साथ गरिमा से पेश आना सिखाया।
ये भी पढ़ें- नदिया के पार की ‘गुंजा’ ने फिर रचाया होली का रंग, ‘जोगी जी धीरे-धीरे’ पर किया डांस
करणवीर बोहरा की इस पोस्ट पर कई टीवी कलाकारों और फैंस ने कमेंट कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। होली जैसे खुशियों भरे दिन पर आई इस खबर ने सभी को भावुक कर दिया। महेंद्र बोहरा का जाना उनके परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। इस कठिन समय में फैंस और इंडस्ट्री के साथी कलाकार करणवीर और उनके परिवार के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।