धुरंधर 2 का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (फोटो- सोशल मीडिया)
Dhurandhar 2 Box Office Collection Day 3: आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर तूफानी रफ्तार से आगे बढ़ रही है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने रिलीज के महज तीन दिनों में ही 300 करोड़ क्लब में एंट्री कर इतिहास रच दिया है। फिल्म का कलेक्शन हर दिन नए रिकॉर्ड बना रहा है और इंडस्ट्री में इसकी जबरदस्त चर्चा हो रही है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ ने तीसरे दिन लगभग 113 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि ये आंकड़े अभी ऑफिशियली कंफर्म नहीं हुए हैं, लेकिन शुरुआती रिपोर्ट्स में इसे रिकॉर्ड ब्रेकिंग बताया जा रहा है। खास बात यह है कि फिल्म ने तीसरे दिन सिर्फ हिंदी भाषा में ही 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। फिल्म को तीसरे दिन करीब 81.6 प्रतिशत की शानदार ऑक्यूपेंसी मिली और देशभर में 20,000 से ज्यादा शोज में इसे दिखाया गया।
अगर शुरुआती आंकड़ों पर नजर डालें तो ‘धुरंधर 2’ ने तीन दिनों में लगभग 339.27 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। फिल्म ने पेड प्रिव्यू से 43 करोड़ की कमाई की थी, जबकि पहले दिन 102.55 करोड़ और दूसरे दिन 80.72 करोड़ का कलेक्शन किया। इसके बाद तीसरे दिन की जबरदस्त कमाई ने इसे सीधे 300 करोड़ क्लब में पहुंचा दिया।
फिल्म में रणवीर सिंह डबल रोल में नजर आ रहे हैं, जहां वह हमजा और जसकीरत सिंह रंगी के किरदार निभा रहे हैं। उनके साथ संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी, एक्शन और इमोशनल ड्रामा को दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। यही वजह है कि फिल्म को बड़े-बड़े सितारों से भी सराहना मिल रही है।
करीब 275 करोड़ के बजट में बनी ‘धुरंधर 2’ ने सिर्फ तीन दिनों में ही अपनी लागत निकाल ली है और अब मुनाफे की ओर तेजी से बढ़ रही है। जिस तरह से फिल्म बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन कर रही है, उसे देखकर कहा जा सकता है कि यह साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल होने वाली है। अलग-अलग भाषाओं में भी फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया, जिसमें तमिल, तेलुगू और मलयालम वर्जन का भी योगदान रहा।