बिस्मिल की महफिल इंडिया टूर 2025 (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Bismil Ki Mehfil India Tour 2025: पॉपुलर सूफी सिंगर बिस्मिल का मोस्ट अवेटेड ‘बिस्मिल की महफिल इंडिया टूर 2025’ अब आधिकारिक रूप से संपन्न हो चुका है। यह संगीतमय सफर न सिर्फ एक म्यूज़िक टूर था, बल्कि एक ऐसा आध्यात्मिक अनुभव बना जिसने देशभर के श्रोताओं के दिलों को छू लिया है। इस टूर की शुरुआत पुणे से हुई थी और इसका भव्य समापन राजधानी दिल्ली में किया गया, जहां हजारों दर्शकों ने सूफी संगीत की इस महफिल को यादगार बना दिया। ऐसे में अब लोग इसकी तारीफें नहीं करते थक रहे हैं।
दरअसल, इस टूर की घोषणा बिस्मिल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए की थी, जबकि इसका आयोजन और प्रस्तुतीकरण योर्ज इवेंटफुली द्वारा किया गया था। पुणे से शुरू होकर यह महफिल नासिक, बरेली, सूरत, लखनऊ, कोलकाता, मुंबई, लुधियाना और अहमदाबाद जैसे प्रमुख शहरों तक पहुंची थी। हर शहर में दर्शकों की जबरदस्त मौजूदगी देखने को मिली, जिसने यह साबित कर दिया कि सूफी संगीत आज भी लोगों के दिलों में खास जगह रखता है।
आपको बता दें कि ‘बिस्मिल की महफिल’ हर शहर में एक साधारण कॉन्सर्ट से कहीं आगे निकलती नजर आई थी। यह एक ऐसा मंच बना, जहां सूफी शायरी, रूहानी कलाम और भक्ति संगीत ने श्रोताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया था। शास्त्रीय सूफी रचनाओं को आधुनिक म्यूज़िकल टच के साथ पेश किया गया, वहीं बिस्मिल की सादगी, आत्मीयता और भावपूर्ण आवाज़ ने हर प्रस्तुति को और भी खास बना दिया। दर्शक न सिर्फ संगीत सुनते दिखे, बल्कि उसे महसूस करते नजर आए थे।
ये भी पढ़ें- भारी कमाई के बावजूद पिछड़ी ‘अवतार: फायर एंड ऐश’, ऑल-टाइम रेस में टॉप 100 से आगे नहीं बढ़ पाई फिल्म
खास बात ये है कि दिल्ली में आयोजित आखिरी महफिल इस पूरे टूर का सबसे यादगार पड़ाव साबित हुई। हजारों संगीत प्रेमियों की मौजूदगी में यह आयोजन रिकॉर्डतोड़ रहा और इसे हाल के वर्षों की सबसे प्रभावशाली सूफी प्रस्तुतियों में गिना जाने लगा। तालियों की गूंज, रूहानी माहौल और दुआओं से सजी इस शाम ने पूरे टूर को एक ऐतिहासिक पहचान दे दी। ऐसे में कुल मिलाकर, ‘बिस्मिल की महफिल इंडिया टूर 2025’ ने यह साबित कर दिया कि सच्चा संगीत सीमाओं से परे जाकर दिलों को जोड़ने की ताकत रखता है।